पब के बाहर हुई मारपीट।
विजयनगर पुलिस ने रेस्टोरेंट के मैनेजर विनीत की शिकायत पर ट्रांस क्लब एंड पब के बाउंसर और उसके साथियों के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज किया है।
विनीत ने बताया कि वह अपनी मंगेतर को लेकर फीचर्स कैफे गए थे। रात में कैफे से बाहर निकलने के बाद, विनीत ने वॉशरूम जाने की बात कहकर मंगेतर को बाहर इंतजार करने को कहा। इस बीच पब के बाउंसर ने उनकी मंगेतर के कपड़ों पर आपत्तिजनक टिप्पणी की। जब मंगेतर ने इसका विरोध किया, तो बाउंसर से कहासुनी हो गई।
पीड़ित पर नुकीली चीज से वार भी हुए
इसके बाद, जब विनीत वहां पहुंचे, तो उनकी भी बाउंसर से बहस हो गई। बहस के दौरान बाउंसर और उसके साथियों ने विनीत के साथ गाली-गलौज की और लात-घूंसे से मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने किसी नुकीली चीज से वार किया, जिससे विनीत की गर्दन और पेट पर चोटें आईं। जब मंगेतर सोनम ने बचाव की कोशिश की, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की।
इस बीच, घटनास्थल पर अन्य लोग पहुंच गए और उन्होंने कपल को बचाया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मेडिकल जांच कराने के बाद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।