
उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फैसला कर लिया है कि पाकिस्तान और चीन से कब युद्ध करना है. स्वतंत्र देव सिंह का शुक्रवार को यह बयान ऐसे समय सामने आया था, जब भारत और चीन के सैनिकों के बीच लद्दाख में लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल पर तनाव बना हुआ है.
भाजपा नेता ने अपने दावे को अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण प्रारंभ होने और ज्म्मू कश्मीर का विशेष दर्जा समाप्त किये जाने से संबद्ध किया है. दरअसल, सिंह का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें उन्होंने कहा है कि ””राम मंदिर और अनुच्छेद 370 पर निर्णय की तरह ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तय कर दिया है कि पाकिस्तान और चीन से युद्ध कब होना है. संबंधित तिथि तय है कि कब क्या होना है.””सिंह ने गत 23 अक्टूबर को बलिया जिले के सिकंदरपुर में भाजपा विधायक संजय यादव के आवास पर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए यह टिप्पणी की थी.
भाजपा विधायक संजय यादव ने रविवार को यह वीडियो जारी किया. स्वतंत्र देव सिंह ने अपने संबोधन में समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस के नेताओं की तुलना आतंकवादियों से की.
इस संदर्भ में जब भाजपा के क्षेत्रीय सांसद रवींद्र कुशवाहा से पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं का जोश बढ़ाने के लिए ऐसा कहा है.