PNB Scam:भगोड़े नीरव मोदी को लगा सातवां बड़ा झटका

ब्रिटेन की एक अदालत ने भगोड़े नीरव मोदी की जमानत याचिका सातवीं बार खारिज कर दी है। बता दें कि नीरव मोदी भारत में पंजाब नेशनल बैंक से 14 हजार करोड़ रुपए से अधिक के लोन की धोखाधड़ी और मनी-लॉन्ड्रिंग के मामले का आरोपी है और उसे भगोड़ा घोषित किया जा चुका है।

नीरव मोदी ने अपने प्रत्यर्पण के आदेश के खिलाफ ब्रिटेन की अदालत में चुनौती दी थी। वे इस समय लंदन की वैंड्सवर्थ जेल में बंद है। यह मामला भारत की दो जांच एजेंसियों केंद्रीय जांच ब्यूरो और सतर्कता निदेशालय ने दायर किया था। आरोप है कि मोदी ने भारतीय बैंक के फर्जी सहमति-पत्र दिखा कर बैंकों से लोन लिए और उस धन की हेरा फेरी की। लंदन की पुलिस ने 19 मार्च को नीरव मोदी को गिरफ्तार किया था।

 

प्रत्यर्पण की सुनवाई को 3 नवंबर तक बढ़ाया गया था:-हाल ही में ब्रिटेन की अदालत ने चल रही प्रत्यर्पण की सुनवाई को 3 नवंबर तक बढ़ा दिया था। पिछले माह मोदी के कानूनी वकील ने यूके कोर्ट को बताया था कि इस मामले का राजनीतिकरण होने के कारण नीरव मोदी की भारत में निष्पक्ष सुनवाई नहीं हो रही है।

मार्च 2020 में ईडी ने नीरव मोदी की कई संपत्तियों को जब्त कर नीलाम किया था। इनमें महंगी पेंटिंग्स, घड़ी, पर्स, महंगी कारें, हैंडबैग जैसी चीजें शामिल थीं। ईडी के मुताबिक, इस नीलामी के दौरान करीब 51 करोड़ मिले थे।

 

नीरव मोदी की ये संपत्ति होगी जब्त:-नीरव मोदी की मुंबई, दिल्ली, जयपुर, अलीबाग, सूरत में संपत्ति है। इन शहरों में उनके आलीशान घर, फ्लैट्स, करोड़ों के अपार्टमेंट, शानदार ऑफिस, कई प्लॉट्स हैं। मुंबई के वर्ली में समुद्र महल नामक बिल्डिंग में नीरव मोदी के छह अपार्टमेंट हैं। प्रत्येक अपार्टमेंट की कीमत करीब 100 करोड़ रुपए है।
प्रवर्तन निदेशालय के मुताबिक, मुंबई के सेशन कोर्ट के नजदीक कालाघोड़ा इलाके में नीरव मोदी का 3500 वर्ग फीट रिदम हाउस के नाम से एक बड़ा म्यूजिक स्‍टोर, पेडर रोड पर एक प्रॉपर्टी, ब्रीच कैंडी रोड पर एक फ्लैट, ओपेरा हाउस में 3 फ्लैट सभी को जब्त किया जाएगा।
मुंबई, जयपुर, सूरत में फोर स्‍टार डायमंड्स कंपनी के नाम से ऑफिस हैं। जबकि दिल्ली के पॉश इलाको में कई प्रॉपर्टी हैं। मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स में आलीशान ऑफिस हैं। महाराष्‍ट्र के अलीबाग के तट पर एक आलीशान बीच विला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *