‘मिर्जापुर 2’  विवादों में

लोकप्रिय हिंदी साहित्य में पिछले पांच दशक से लगातार अपने जासूसी उपन्यासों से करोड़ों प्रशंसक बना चुके लेखक सुरेंद्र मोहन पाठक ने अभिनेता निर्माता फरहान अख्तर और उनके मित्र रितेश सिधवानी को वेब सीरीज ‘मिर्जापुर 2’ के लिए नोटिस भेज दिया है। पाठक का कहना है कि इस सीरीज के तीसरे एपीसोड में उनके उपन्यास ‘धब्बा’ के बारे में गलतबयानी की गई है और इससे उनकी मानहानि हुई है।

ये पूरा मामला सिनेमा पर लगातार लिखने वाले दिल्ली के वरिष्ठ समीक्षक बॉबी सिंह की फेसबुक पोस्ट से शुरू हुआ। उन्होंने ‘मिर्जापुर 2’ सीरीज के एक एपिसोड में सुरेंद्र मोहन पाठक के उपन्यास ‘धब्बा’ को पढ़ रहे अभिनेता कुलभूषण खरबंदा के किरदार के बारे में लिखा। और, साथ ही इस बात पर भी आपत्ति जताई कि खरबंदा का किरदार इस उपन्यास में जो कुछ पढ़ रहा है, वह इस उपन्यास में है ही नहीं। इस दृश्य में सीरीज निर्माताओं ने बेहद ही कामुक लाइनें डाली हैं और इसे देखते हुए लगता है कि ये किरदार उपन्यास में यही पढ़ रहा है।

बॉबी सिंह बरसों से सुरेंद्र मोहन पाठक को पढ़ते रहे हैं और उनके पास पाठक के तमाम उपन्यासों का संग्रह भी है। वह लगातार उनके बारे में लिखते भी रहे हैं। फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी की बनाई सीरीज में अपने पसंदीदा उपन्यास लेखक की कृति का ऐसा अपमान करने का मुद्दा उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा किया तो तमाम सुधी पाठकों ने उनकी इस पोस्ट को शेयर किया और बात सुरेंद्र मोहन पाठक तक पहुंच गईं।

मंगलवार शाम सुरेंद्र मोहन पाठक ने इस बारे में सीरीज के निर्माताओं और इसे प्रसारित करने वाले ओटीटी प्राइम वीडियो को नोटिस जारी कर दिया। इस नोटिस में कहा गया है कि संबंधित दृश्य में न सिर्फ उनके उपन्यास को बिना उनकी अनुमति के दिखाया गया है बल्कि दृश्य में सुनाई दे रहीं पंक्तियां जितनी घटिया हैं, वैसी लिखने की तो पाठक कभी कल्पना भी नहीं कर सकते। पाठक ने इस पूरे मामले को अपनी इज्जत पर बट्टा बताया है और कहा है कि इसने उनके पांच दशकों की छवि पर पानी फेर दिया है।

एक्सेल एंटरटेनमेंट को भेजे गए नोटिस में सुरेंद्र मोहन पाठक ने सीरीज निर्माताओं, इसे प्रसारित करने वाले ओटीटी और संबंधित दृश्य में अभिनय करने वाले कलाकार को पार्टी बनाया है। पाठक ने नोटिस में कहा है कि ये लोग संबंधित दृश्य को तुरंत दुरुस्त करें और इस बारे में त्वरित कदम उठाएं। ऐसा न होने पर ‘धब्बा’ के लेखन ने कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *