महिला कार चलाते हुए कर रही थी लैपटॉप पर काम, वीडियो वायरल होते ही हरकत में आई पुलिस — देखें VIDEO

कर्नाटक के बेंगलुरु (Bengaluru) में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक महिला कार चलाते हुए लैपटॉप पर काम कर रही थी. इस खतरनाक हरकत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो मामला सुर्खियों में आ गया. पुलिस ने संज्ञान लिया और महिला को ढूंढकर उसके खिलाफ कार्रवाई की.

जानकारी के अनुसार, यह घटना बेंगलुरु के आरटी नगर इलाके की है. एक महिला कार चलाते हुए लैपटॉप पर काम कर रही थी. किसी राहगीर ने वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा. वीडियो वायरल होने के बाद ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई की. पुलिस ने वीडियो के आधार पर गाड़ी की नंबर प्लेट की पहचान की और महिला को ट्रेस कर लिया.

बुधवार सुबह पुलिस ने महिला पर तेज गति और लापरवाही से गाड़ी चलाने के आरोप में ₹1,000 का चालान कर दिया. इस घटना पर बेंगलुरु ट्रैफिक पुलिस के डिप्टी कमिश्नर (नॉर्थ डिवीजन) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा, वर्क फ्रॉम होम, नॉट फ्रॉम कार. यानी घर से काम करें, कार से नहीं. पुलिस ने इस ट्वीट के साथ महिला की कार की तस्वीर और चालान की कॉपी भी शेयर की है.

इस घटना के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने जागरूकता बढ़ाने की जरूरत बताई. ट्रैफिक पुलिस ने भी लोगों से अपील की कि वे सड़क पर सुरक्षा नियमों का पालन करें और वाहन चलाते समय कोई भी गतिविधि जैसे फोन या लैपटॉप का इस्तेमाल, न करें. वाहन चलाते समय लैपटॉप का उपयोग करना बेहद खतरनाक हो सकता है. पुलिस लगातार लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील कर रही है, ताकि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *