
प्रतिकात्मक फोटो
बेंगलुरु: कर्नाटक के बेंगलुरु शहर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. दरअसल, यहां एक महिला ने डॉक्टर से वॉट्सऐप के जरिए अपनी सास की हत्या करने की बात कही. यह मामला उस समय प्रकाश में आया जब डॉक्टर ने संजय नगर पुलिस स्टेशन में महिला के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई.
महिला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए डॉ सुनील कुमार का फोन नंबर लिया और फिर उनसे वॉट्सऐप पर संपर्क किया. वॉट्सऐप पर चैटिंग के दौरान महिला ने डॉक्टर से अपनी सास की हत्या करने के लिए टैबलेट का आइडिया मांगा. हालांकि, बाद में महिला ने डॉक्टर के साथ वॉट्सऐप पर हुई चैट को अचानक डिलीट कर दिया.
डॉक्टर ने दर्ज करवाई शिकायत
इधर चैट डिलीट होने के बाद डॉक्टर असमंजस में पड़ गए कि मैसेज असली है या फिर किसी और के लिए. इस बीच उन्होंने संजय नगर थाने जाकर सास को मारने के लिए गोलियां मांगने वाली आरोपी महिला के खिलाफ शिकायत कर दी.
‘हमें इस बारे में जागरूक होना चाहिए’
डॉ सुनील कुमार ने कहा, “यह वाकई अजीब और गंभीर मामला है. महिला ने अपनी 70 वर्षीय सास पर आरोप लगाया कि वह उसे हर रोज प्रताड़ित करती है और उसे मारने के लिए गोलियां मांगी. समाज में बुजुर्गों की अनदेखी के मामले हर रोज सामने आते रहते हैं, लेकिन हम डॉक्टर जो रोजमर्रा की जिंदगी में कई लोगों की जान बचाते हैं, हमें इस बारे में जागरूक होना चाहिए. इन घटनाओं की किसी को परवाह नहीं है, लेकिन मैं इस महिला के खिलाफ शिकायत दर्ज करा रहा हूं.”
पुलिस ने जांच शुरू की
वहीं, इस संबंध में संजय नगर थाना पुलिस ने कहा, “महिला का फोन नंबर बंद था. यह एक फ्रैंक मैसेज हो सकता है, लेकिन इस मैसेज में कोई लापरवाही नहीं है. हम डॉ सुनील कुमार की शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रहे हैं.”