
अक्षय कुमार स्टारर हॉरर कॉमेडी फिल्म ‘लक्ष्मी बॉम्ब’ का नाम बदलकर सिर्फ ‘लक्ष्मी’ कर दिया गया है। गुरुवार को फिल्म के डायरेक्टर राघव लॉरेंस सर्टिफिकेट लेने सेंसर बोर्ड गए थे। स्क्रीनिंग के बाद मेकर्स का CBFC के साथ डिस्कशन हुआ। ऑडियंस की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए फिल्म के प्रोड्यूसर्स शबीना खान, तुषार कपूर और अक्षय कुमार ने इसके टाइटल को बदलने का फैसला लिया।अक्षय की ये फिल्म अब ‘लक्ष्मी’ के नाम से रिलीज होगी।
फिल्म ‘लक्ष्मी बॉम्ब’ अपने ट्रेलर की रिलीज के साथ ही विवादों में आ गई। ‘अमर उजाला’ ने ट्रेलर के रिव्यू में अक्षय के इस फिल्म के किरदार के नाम के बारे में जिक्र किया था और ये भी उल्लेख किया था कि ऐसा अक्षय के पूरे करियर में सिर्फ दूसरी बार हो रहा है जब उनके फिल्मी किरदार का नामकरण इस तरह किया गया हो। फिल्म में अक्षय के किरदार का नाम की जानकारी सामने आते ही फिल्म के नाम का भी विरोध शुरू हो गया।
फिल्म ‘लक्ष्मी बॉम्ब’ को लेकर पहले तो सोशल मीडिया पर अक्षय कुमार को खूब ट्रोल किया गया। फिल्म के ट्रेलर के लाइक्स छुपाए गए तो ये मामला और भड़क गया। इसके बाद अक्षय ने किन्नर लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी के साथ मिलकर मामले को दूसरा रूप देने की कोशिश भी की। और, फिल्म का प्रचार भी उन्हीं के साथ जाकर एक टीवी शो पर किया। लेकिन, इसी के बाद करणी सेना मैदान में कूद गई।
करणी सेना ने फिल्म ‘लक्ष्मी बॉम्ब’ के नाम को लेकर कड़ी आपत्ति जताई और चेतावनी दी कि अगर फिल्म का नाम न बदला गया तो इससे जुड़े लोगों के लिए यह ठीक न होगा। संगठन ने इसके लिए बाकायदा नोटिस भी भेज दिया। उधर, फिल्म ‘लक्ष्मी बॉम्ब’ को टेलीविजन और सिनेमाघरों में भी रिलीज करने के लिए इसके निर्देशक राघव लॉरेंस फिल्म को लेकर सेंसर बोर्ड के पास पहुंच गए।
गुरुवार को सेंसर बोर्ड ने फिल्म को देखने के बाद फिल्म के निर्देशक से इस बारे में विचार विमर्श किया। उनसे फिल्म को लेकर बन रही जन भावनाओं पर विचार करने को कहा गया। इसके बाद राघव ने फिल्म के निर्माताओं शबीना खान, तुषार कपूर और अक्षय कुमार से बात की और सबने मिलकर ये फैसला किया कि फिल्म ‘लक्ष्मी बॉम्ब’ का नाम बदल दिया जाए। फिल्म का नया नाम अब सिर्फ ‘लक्ष्मी’ होगा।