देश की पहली सी-प्लेन सेवा को पीएम मोदी ने दिखाई हरी झंडी, पीएम मोदी ने केवड़िया से साबरमती तक भरी उड़ान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के अवसर पर केवड़िया-साबरमती रिवरफ्रंट सी-प्लेन सेवा का उद्घाटन किया. यह सेवा रोजाना सैलानियों के लिए अहमदाबाद से केवड़िया और केवड़िया से अहमदाबाद के बीच उपलब्ध होगी. प्रधानमंत्री मोदी ने खुद सी-प्लेन के जरिये केवड़िया से अहमदाबाद तक का सफर किया.इससे पहले पीएम मोदी ने केवड़िया में एकता क्रूज का उद्घाटन किया. इसके बाद में उन्होंने इस क्रूज पर सफर किया. प्रधानमंत्री ने इस क्रूज से स्टैच्यू ऑफ यूनिटी तक यात्रा की.

सी-प्लेन की उड़ानें स्पाइसजेट की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी स्पाइस शटल द्वारा संचालित की जाएंगी. शुरुआती तौर पर आज से अहमदाबाद-केवड़िया मार्ग पर दो दैनिक उड़ानें संचालित करेगा. अहमदाबाद से प्रतिदिन सुबह 10:15 बजे सी-प्लेन उड़ेगा और 10:45 पर केवड़िया पहुंचेगा. केवड़िया से प्रतिदिन सीप्लेन 11:45 पर उड़ेगा और 12:15 पर अहमदाबाद पहुंचेगा. यही सीप्लेन प्रतिदिन 12:45 पर दोबारा अहमदाबाद से उड़ेगा और दोपहर 1:15 पर केवड़िया पहुंचेगा. केवड़िया से ये फिर से दोपहर 3:15 पर उड़ेगा और 3:45 पर अहमदाबाद पहुंचेगा.

3 हजार रुपये होगा किराया
अहमदाबाद से केवड़िया और केवड़िया और अहमदाबाद दोनों तरफ का कुल किराया 3000 रुपये तय किया गया है. एक तरफ का किराया 1500 रुपये रखा गया है. 30 अक्टूबर से ऑनलाइन टिकट की बुकिंग शुरू हो गई है. इन उड़ानों के लिए 15 सीटर ट्विन ओटर 300 विमानों का इस्तेमाल होगा.

दुनियाभर में लोकप्रिय है सेवा
सी-प्लेन में पानी से उतरने और टेक-ऑफ करने की क्षमता होती है, जिससे ऐसे क्षेत्रों तक पहुंच होती है, जिनमें लैंडिंग स्ट्रिप्स या रनवे नहीं होते हैं. ट्विन ओटर 300 सबसे सुरक्षित और सबसे लोकप्रिय सी-प्लेन है. ये दुनियाभर में सबसे लोकप्रिय और व्यापक रूप से इस्तेमाल किए जाने वाले विमानों में से एक है.

2017 में पीएम मोदी ने सी-प्लेन में किया था सफर
पीएम मोदी ने पहली बार साल 2017 में गुजरात विधानसभा चुनाव के दौरान सी प्लेन का सफर किया था. तब भी उन्होंने साबरमती रिवरफ़्रंट से उड़ान भरी थी. तब पीएम मोदी साबरमती रिवरफ़्रंट से उड़ान भरकर 49 किलो मीटर दूर धरोई डैम पहुंचे थे. वहां पीएम ने मशहूर अम्बा देवी के दर्शन किए थे और फिर सी-प्लेन से वापस साबरमती रिवरफ़्रंट पर लैंडिंग की थी. तब पीएम मोदी के सी-प्लेन से सफर करने को लेकर काफी सियासत भी हुई थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *