फ्रांस में कोरोना की दूसरी लहर,घोषणा होते ही पेरिस में 700 किमी लंबा जाम

फ्रांस में कोरोना वायरस की दूसरी लहर को नियंत्रण में रखने के लिए देशव्यापी लॉकडाउन लगाया गया है। राष्ट्रपति मैक्रों इमेनुएल द्वारा 1 दिसंबर तक प्रभावी इस कोरोना लॉकडाउन की घोषणा होते ही पेरिस और उसके आसपास के इलाकों में ट्रैफिक जाम हो गया। लोग जरूरी सामान को लेने के लिए और कुछ लोग देश से बाहर जाने के लिए सड़कों पर निकल पड़े थे जिसकी वजह से 435 मील (करीब 700 किलोमीटर) लंबी जाम लग गया।

फ्रांस में सात महीने में दूसरी बार लॉकडाउन लगाया गया है। इस दौरान लोगों की आवाजाही पर भी सख्त पाबंदियां रहेंगी। हालांकि लोग जरूरी काम, स्वास्थ्य आपातकाल, आवश्यक पारिवारिक जरूरतों या घर के पास व्यायाम के लिए ही बाहर जा सकते हैं। दूसरे दौर के लॉकडाउन में स्कूल और ज्यादातर कारोबार खुले रहेंगे। जबकि सामान्य जनजीवन पर कई बंदिशें लगाने के साथ ही बार, रेस्तरां और सिनेमाहाल बंद रहेंगे।

लॉकडाउन के बीच, फ्रांस में बीते 24 घंटे के दौरान 35 हजार से ज्यादा नए केस पाए जाने से कोरोना वायरस से पीड़ित लोगों की संख्या 14 लाख 12 हजार से ज्यादा हो गई है। वायरस से 223 नई मौतों के बाद देश में मरने वालों का कुल आंकड़ा 36 हजार से अधिक हो गया है। सरकार को उम्मीद है कि एक महीने के लॉकडाउन में प्रतिदिन आने वाले मामले 5 हजार तक आ जाएंगे।

यूरोप के अन्य देशों में भी हालात खराब:-जर्मनी में फ्रांस की ही तर्ज पर पाबंदियों की घोषणा की गई है। इधर, दूसरे दौर की कोरोना महामारी की चपेट में आए ब्रिटेन ने भी लॉकडाउन लगाने का फैसला लिया है। प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन की सरकार अगले हफ्ते से एक महीने के लिए राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन लगाने जा रही है। इस बीच, इंपीरियल कॉलेज लंदन की ओर से किए गए एक अध्ययन में यह पाया गया है कि इंग्लैंड में हर नौ दिन में कोरोना के मामले दोगुने हो रहे हैं। ब्रिटेन में अब तक कुल 46,299 संक्रमितों की मौत हो चुकी है जो यूरोप में सबसे अधिक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *