इंदौर में जिस युवती की दोस्त के कट्टे से गोली लगने से मौत हुई थी, उसका शव परिजन ने लेने से इनकार कर दिया। जब युवती के मुंहबोले भाई को इसका पता चला तो उन्होंने उसका अंतिम संस्कार किया।
दरअसल, शुक्रवार को लसूडिया के महालक्ष्मी नगर में एक फ्लैट में भावना उर्फ तन्नु सिंह की आंख में गोली लग गई थी। रात में उसके तीन दोस्त उसे किराए की कार में बैठाकर बॉम्बे अस्पताल में छोड़कर भाग गए। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। आरोपी अब भी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं।
भावना ग्वालियर की रहने वाली थी। उसके माता-पिता की 10 साल पहले ही मौत हो गई थी। वह अपनी दादी के साथ रहती थी। लेकिन बाद में भावना ने किराए का रूम लेकर क्लाउड किचन शुरू किया। वह अकेले रहती थी।

माता-पिता की पहले ही हो चुकी मौत
भावना की मौत के बाद पुलिस ने उसकी दादी से संपर्क किया, लेकिन उन्होंने शव लेने से इनकार कर दिया। पिछले पांच साल से भावना जिस मुंहबोले भाई पंकज ठाकुर को राखी बांधती थी, उन्हें जब इस घटना की जानकारी मिली तो वे शनिवार को इंदौर पहुंचे। भावना केके चौहान को भी अपना मुंहबोला भाई मानती थी, जो पंकज के साथ इंदौर आए।

मुंहबोले भाइयों ने किया अंतिम संस्कार
शनिवार को पंकज के आने के बाद भावना के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी हो सकी। दोपहर में पंकज और भावना के अन्य दोस्त बॉम्बे हॉस्पिटल पहुंचे, जहां पुलिस अधिकारियों ने पंकज से बातचीत कर कई जानकारियां जुटाईं। इसके बाद शव का पंचनामा कर बॉम्बे हॉस्पिटल से पोस्टमॉर्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेजा गया। गोली लगने के कारण भावना के पोस्टमॉर्टम से पहले उसका एक्स-रे कराया गया। इसके बाद पोस्टमॉर्टम के लिए लाया गया।

सिर में मिली गोली, शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में खुलासा लसूडिया थाना प्रभारी तारेश सोनी ने बताया कि भावना का शनिवार को पोस्टमॉर्टम किया गया। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में पता चला कि गोली उसके सिर में ही थी। बताया जा रहा है कि गोली भावना के ब्रेन और स्कल के बीच में पीछे की तरफ मिली है।
अंतिम संस्कार में मदद के लिए बढ़े हाथ
एमवाय अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के बाद भावना के अंतिम संस्कार के लिए पंकज ठाकुर के अलावा कई अन्य लोगों ने भी मदद की। संस्था महाकाल और सुल्ताने-ए-इंदौर के सामाजिक कार्यकर्ता पं. जायू जोशी, करीम पठान, फीरोज पठान, सुरेश मोरे और धर्मेंद्र जोशी ने भावना के अंतिम संस्कार में सहयोग किया।

मुंहबोले भाई ने पिलाया गंगाजल
जूनी इंदौर मुक्तिधाम में अंतिम विदाई से पहले मुंहबोले भाई ने भावना को आखिरी बार गंगाजल पिलाया और सभी रस्में पूरी कीं। इसके बाद पर्यावरण संरक्षण वाली मशीन में उसका दाह संस्कार किया गया, जहां पंकज ठाकुर ने मुखाग्नि दी।
शनिवार को पुलिस ने पंकज ठाकुर को बुलाया
पंकज ठाकुर ने बताया कि शनिवार को पुलिस ने उन्हें बुलाया था। पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है। लसूड़िया टीआई तारेश सोनी ने कहा कि कुछ लोगों से पूछताछ की गई है और आरोपियों की तलाश जारी है।