
इंटरनेट में सनसनी बन चुके बाबा का ढाबा (Baba Ka Dhaba) का मामला अब पुलिस की चौखट पर पहुंच गया है। इसमें पैसों की हेराफेरी का मामला सामने नजर आ रहा है। दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर में लोकप्रिय भोजनालय बाबा का ढाबा के मालिक कांता प्रसाद ने इंस्टाग्राम इनफ्लुएंसर और यूट्यूबर गौरव वासन के खिलाफ पैसों की हेराफेरी की शिकायत दर्ज कराई है। इस बात की जानकारी पुलिस ने दी है।
‘Baba Ka Dhaba’ के एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर साझा किए जाने के बाद वह फेमस हो गए थे. वह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने लॉकडाउन के दौरान दुकान (Baba Ka Dhaba) न चल पाने से आर्थिक तंगी को लेकर अपनी व्यथा बतायी थी .
उन्होंने यूट्यूबर वासन के सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किए गए वीडियो में अपने संघर्ष के बारे में बात की थी. पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में, प्रसाद ने कहा कि वासन ने उनका वीडियो शूट किया और इसे ऑनलाइन पोस्ट किया और सोशल मीडिया पर जनता को उन्हें पैसे देने की अपील की.
उन्होंने आरोप लगाया कि वासन ने जानबूझकर केवल अपने और अपने परिवार/दोस्तों के बैंक विवरण और मोबाइल नंबर दानदाताओं के साथ साझा किए और शिकायतकर्ता को कोई भी जानकारी प्रदान किए बिना विभिन्न प्रकार के भुगतानों के माध्यम से दान की भारी राशि एकत्र की.
नहीं की बेईमानी, बैंक स्टेंटमेंट अपलोड करूंगा : गौरव वासन
इस बीच, गौरव वासन ने अपने यूट्यूब चैनल पर दावा किया है कि उन्होंने कोई बेईमानी नहीं की है, और अपनी बात को साबित करने के लिए वह जल्द ही एक वीडियो के रूप में बैंक का वेरिफाइड स्टेटमेंट अपलोड करेंगे.