पहलगाम आतंकी हमले के बाद टूरिज्म पर असर — मध्यप्रदेश से कश्मीर जाने वाले लोग धड़ाधड़ करवा रहे बुकिंग कैंसिल — देखें VIDEO

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले का विरोध मध्यप्रदेश में भी हो रहा है।

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 27 पर्यटकों की मौत हो गई। इस घटना के बाद भोपाल समेत मध्यप्रदेश से गर्मी की छुट्‌टी में घूमने के लिए कश्मीर जाने वाले लोग अपने ट्रिप कैंसिल कर रहे हैं। भोपाल में बुधवार को कश्मीर के टूर की बुकिंग कराने कोई नहीं पहुंचा। इंदौर, उज्जैन, जबलपुर-ग्वालियर में भी ऐसी ही स्थिति रही। यहां 200 से ज्यादा बुकिंग कैंसिल हो गईं।

टूरिस्ट सिर्फ अप्रैल ही नहीं, मई और जून की बुकिंग भी कैंसिल कर रहे हैं। ज्यादातर लोगों ने 1 मई के बाद कश्मीर घूमने का प्लान बनाया था, क्योंकि डेढ़ महीने के लिए बच्चों के स्कूल की छुटि्टयां लग रही थी। वे कश्मीर ट्रिप कैंसिल करने के बाद अब हिमाचल प्रदेश या उत्तराखंड घूमने के लिए पूछताछ कर रहे हैं।

भोपाल के विजय सिंह ने कहा- मई में बच्चों की स्कूल की छुट्‌टी लग रही थी इसलिए परिवार समेत वैष्णोदेवी और श्रीनगर जाने का प्लान था, जो कैंसिल कर दिया है। अब नैनीताल जाने का प्लान बना रहे हैं।

कश्मीर न जाते हुए हिमाचल-उत्तराखंड का प्लान

भोपाल में ट्रेवल्स संचालक एसके पाली बताते हैं- भोपाल से कश्मीर, हिमाचल प्रदेश या उत्तराखंड घूमने जाने वाले टूरिस्ट दिल्ली या ग्वालियर तक फोर व्हीलर से जाते हैं। यदि बड़ी फैमिली है तो ट्रेवलर जैसी गाड़ियों को सीधे वहां तक ले जाते हैं। पहलगाम, गुलमर्ग, श्रीनगर, वैष्णोदेवी के लिए भी बुकिंग होती है, लेकिन पहलगाम में आतंकी हमले के बाद वे लोग चिंतित हैं, जो 1 मई के बाद घूमने जाने वाले हैं।

ट्रेवल्स संचालक बोले- कश्मीर के पर्यटक कम होंगे

भोपाल के ही ट्रेवल्स संचालक योगेंद्र सिंह गुड्‌डू चौहान का कहना है- टूरिस्ट प्लेस पहलगाम में आतंकी हमले से सिर्फ वहां के होटल इंडस्ट्री या अन्य कारोबार पर ही नहीं, मध्यप्रदेश की ट्रेवल्स इंडस्ट्री पर भी असर पड़ेगा। हर साल मई में स्कूलों की छुट्‌टी लगने पर लोग फैमिली समेत कश्मीर जाते हैं। इनमें से ज्यादातर फोर व्हीलर या बसों से जाते हैं। आने वाले दिनों में इनकी बुकिंग घट जाएगी।

घूमने वालों से ज्यादा संख्या वैष्णोदेवी के दर्शन करने वालों की होती है। हमले के बाद झेलम, मालवा एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों के रिजर्वेशन भी कैंसिल हुए हैं।

 

योगेंद्र सिंह गुड्डू चौहान

ट्रेवल्स संचालक भोपाल

अब कश्मीर टूरिज्म को प्रमोट नहीं करेंगे

भोपाल के आईएसबीटी स्थित ट्रेवल्स कंपनी के संचालक विजय श्रीवास्तव ने बताया- भोपाल के दो टूरिस्ट बुधवार को बस से ग्वालियर होते हुए कश्मीर जाने वाले थे, लेकिन उन्होंने अपने बुकिंग कैंसिल करा दी।

देवास के प्राइमेक्स ट्रेवल्स के पल्लव सिंह ठाकुर ने कहा कि मई में 25 हजार रुपए में कश्मीर टूर करवा रहे थे। जिसमें 5 नाइट का पैकेज था। श्रीनगर, गुलमर्ग, पहलगाम में नाइट स्टे भी रखा था लेकिन आतंकी हमले के बाद यह टूर कैंसिल कर दिया है। इसमें देवास के टूरिस्ट भी शामिल थे। हम अब कश्मीर टूरिज्म को प्रमोट नहीं करेंगे।

टूरिस्ट कश्मीर छोड़कर जा रहे हैं। घूमने आने वाले लोग बुकिंग कैंसिल करवा रहे हैं।

इंदौर: 50 लोगों ने कैंसिल किए टूर

पहलगाम में टूरिस्ट को निशाना बनाकर हत्या करने के बाद से इंदौर से कश्मीर जाने वाले पर्यटकों ने टूर पैकेज कैंसिल करा दिए हैं। इंदौर के ट्रैवल एजेंट्स से मिली जानकारी के अनुसार, 22 अप्रैल को आतंकी घटना के बाद से बुधवार शाम तक 50 से ज्यादा लोगों ने टूर कैंसिल कराए हैं। 20 से ज्यादा ने रिशेड्यूल किए हैं।

देवास के प्राइमेक्स ट्रेवल्स के पल्लव सिंह ठाकुर ने सोशल मीडिया पर यह पोस्ट की।

उज्जैन: कश्मीर नहीं, अब हिमाचल प्रदेश का प्लान उज्जैन में मेक माय ट्रिप का संचालन करने वाले शुभम जैन ने बताया- अभी कश्मीर घूमने का पीक सीजन है। 11 लोगों का ग्रुप जाने वाला था लेकिन पहलगाम में आतंकी घटना के बाद उन्होंने कहा है कि एक-दो दिन में जवाब देंगे, नहीं तो ट्रिप कैंसिल कर देना। दिल्ली के एक ग्रुप ने भी बुकिंग करवा रखी थी। उन्होंने तो मना ही कर दिया है।

शुभम ने बताया कि अब हम भी लोगों को समझाइश दे रहे हैं कि कश्मीर नहीं जाएं। इससे अच्छा हिमाचल प्रदेश का प्लान कर लें।

3 जुलाई से अमरनाथ यात्रा शुरू होने वाली है। उज्जैन में बीते 24 साल से अमरनाथ के लिए जत्था ले जाने वाले मनोज ने बताया- 14 अप्रैल से बुकिंग शुरू हुई है। रोज 20-25 लोग पूछताछ के लिए आते थे, लेकिन बुधवार को एक भी व्यक्ति नहीं आया। इसमें सबसे ज्यादा पहलगाम से बुकिंग होती थी, बालटाल से कम होती थी पहलगाम हमले के बाद डर के कारण लोग नहीं आए।

आतंकी हमले के विरोध में बुधवार को मध्यप्रदेश के कई शहरों में पुतला दहन-प्रदर्शन हुए।

ग्वालियर: अप्रैल-मई के कश्मीर टूर कैंसिल, जून-जुलाई वाले होल्ड पर पहलगाम आतंकी हमले के बाद ग्वालियर से काफी संख्या में लोगों ने कश्मीर टूर पैकेज कैंसिल कराए हैं। गोडिंगा होलिडे ट्रेवल्स इवेंट एक्टिविटी के सेल्स एक्जीक्यूटिव अमन गुप्ता ने बताया- कश्मीर में अप्रैल, मई और जून के महीने पीक सीजन के होते हैं। यहां होटल, कैब सभी महंगा होता है।

हमारे जरिए 150 से ज्यादा लोगों ने टूर बुक किए थे। हर दिन 10 से 15 कॉल टूर पैकेज की पूछताछ के लिए आ रहे थे, लेकिन आतंकी हमले के बाद से बुधवार शाम तक अप्रैल और 15 मई तक के सभी 70 टूर पैकेज कैंसिल करवा दिए गए हैं।

15 मई के बाद और जून, जुलाई तक के पैकेज वाले टूरिस्ट अभी उलझन में हैं कि कैंसिल कराएं या नहीं कराएं। ऐसे कस्टमर ने अपने टूर होल्ड करा दिए हैं।

जम्मू-कश्मीर का वो इलाका जहां हमला हुआ

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *