कोलकाता के होटल में लगी भीषण आग, 14 की मौत, जान बचाने के लिए बिल्डिंग से कूदे लोग — देखें VIDEO

आग पर फिलहाल काबू पा लिया गया है। फंसे लोगों को बचाने के लिए रेस्क्यू जारी है।

कोलकाता के फालपट्टी मछुआ इलाके में मंगलवार रात एक होटल में आग लगने से 14 लोगों की मौत हो गई। आग पर काबू पा लिया गया है। 22 लोगों को बचाया गया। अंदर अब भी कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका है। रेस्क्यू जारी है।

पुलिस कमिश्नर मनोज वर्मा ने बताया- आग ऋतुराज होटल में रात करीब 8:15 बजे लगी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव का काम शुरू किया। अब तक 14 शव निकाले जा चुके हैं। हादसे की जांच के लिए स्पेशल टीम बनाई गई है।

शुरुआती जांच में पता चला है कि होटल की चौथी मंजिल पर लगे बिजली मीटर में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी। घटनास्थल पर मौजूद एक शख्स ने बताया कि जान बचाने के लिए कई लोग होटल की छत और खिड़कियों से कूदते नजर आए।

रेस्क्यू ऑपरेशन की तस्वीरें…

होटल में फंसे लोग खिड़की से कूदते नजर आए।

फायर ब्रिगेड और पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।

रेस्क्यू टीम खिड़कियों से अंदर घुसीं।

देर रात शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन बुधवार सुबह तक जारी रहा।

बंगाल भाजपा अध्यक्ष बोले- सरकार जरूरी सहायता पहुंचाए

 केंद्रीय मंत्री और बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने हादसे पर दुख जताया। साथ ही कहा- मैं राज्य प्रशासन से आग्रह करता हूं कि प्रभावित लोगों को तुरंत बचाया जाए और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करें। भविष्य में ऐसी घटना न हो, इसके लिए फायर सेफ्टी के सख्त नियम बनाए जाएं।

कांग्रेस अध्यक्ष बोले- सुरक्षा के इंतजाम नहीं थे

पश्चिम बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने कहा- यह एक दुखद हादसा है। सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे। समझ नहीं आता कोलकाता नगर निगम क्या कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *