लखनऊ में दर्दनाक हादसा… दिल्ली से बिहार जा रही बस में लगी भीषण आग, 5 यात्री जिंदा जले

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में दिल दहला देने वाला हादसा हो गया. यहां मोहनलालगंज क्षेत्र में दिल्ली से बिहार जा रही स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई. इस हादसे में 5 लोग जिंदा जल गए, जबकि करीब 60 यात्री बस में सवार थे. ड्राइवर शीशा तोड़कर बस से कूद गया और फरार हो गया. आग इतनी तेज थी कि बस महज 10 मिनट में पूरी तरह जलकर राख हो गई.

जानकारी के अनुसार, यह घटना लखनऊ के मोहनलालगंज इलाके के किसान पथ पर हुई, जब दिल्ली से बिहार जा रही प्राइवेट स्लीपर बस में अचानक आग लग गई. हादसा उस वक्त हुआ, जब अधिकतर यात्री गहरी नींद में थे. बताया जा रहा है कि आग इतनी तेजी से फैली कि महज 10 मिनट में पूरी बस जलकर राख हो गई.

यहां देखें Video

बस में सफर कर रहे यात्रियों ने बताया कि पहले धुआं भरने से सांस लेने में तकलीफ होने लगी. जैसे ही आग लगी, अफरा-तफरी मच गई. लोग जान बचाने के लिए दरवाजे और खिड़कियों की ओर दौड़े, लेकिन ड्राइवर की अतिरिक्त सीट ने रास्ता रोक दिया. कई यात्री उसी में फंसकर नीचे गिर गए और बाहर नहीं निकल सके.

स्थानीय लोगों के अनुसार, आग की लपटें इतनी भीषण थीं कि एक किलोमीटर दूर से भी नजर आ रही थीं. हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस व फायर ब्रिगेड को जानकारी दी. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पूरी बस जल चुकी थी. इस हादसे में 5 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जिनकी पहचान अभी नहीं हो पाई है. अन्य यात्रियों को समय रहते बस से बाहर निकाल लिया गया.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस का ड्राइवर शीशा तोड़कर सबसे पहले खुद बस से कूद गया और मौके से भाग गया. हादसे के बाद उसका कोई सुराग नहीं मिला है. पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है.

इस घटना को लेकर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे की वजहों की जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह बताया जा रहा है, लेकिन इसकी पुष्टि फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी. लोगों का कहना है कि अगर ड्राइवर की सीट सामान्य होती और इमरजेंसी एक्जिट रास्ता साफ रहता, तो शायद यात्रियों की जान बच सकती थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *