इंदौर सुसाइड केस: बेटी की मौत पर रो पड़े पिता, बोले- शालू बेटे से कम नहीं थी, रात में बात हुई थी, तनाव नहीं बताया

शालूसिंह का यह फोटो उसकी सोशल मीडिया प्रोफाइल से लिया है।

इंदौर की सिलीकॉन सिटी के फ्लैट में सुसाइड करने वाली शालू सिंह के पिता शुक्रवार को एमवाय में उसका शव लेने पहुंचे। यहां पोस्टमॉर्टम के दौरान रोते हुए कहने लगे कि उनकी बेटी बेटे से कम नहीं थी। पत्नी को क्या जबाव दूंगा। वह अस्पताल में भर्ती है। मेरी रात में ही बेटी से बात हुई थी। उसने किसी तरह के तनाव की बात नहीं की। अगर कहती तो उसका सब कर्ज चुका देता।

राऊ पुलिस ने शुक्रवार को लालूसिंह का शव उसके पिता परमात्मा सिंह को सौंपा है। वह शव को लेकर भोपाल चले गए। उन्होंने बताया कि मेरी तीन बेटियां हैं। जिसमें दो बेटी पत्नी के साथ भोपाल में रहती हैं। शालू इंदौर में रहती थी। पिता परमात्मा सिंह अहमदाबाद में एक निजी कंपनी में मैनेजर है।

हर रात को वह एक बार इंदौर और भोपाल में बेटियों से बात करके उनके हालचाल लेते थे। रात में बात करने के बाद ही वह सोते थे। बुधवार को भी उनसे शालू ने बात की। उन्होंने बताया कि वह बैंक से आ गई है। खाना भी खा लिया। उसने अच्छे से बात की। उसकी बातों से नहीं लगा कि वह तनाव में है। उनकी छोटी बेटी एक कंपनी में एचआर मैनेजर है, तीसरी बेटी पढ़ाई कर रही है।

शालू के पिता ने कहा- बेटी ने लोन के रुपए जरूर किसी को दिए हैं। परिवार भी सब तरह से सक्षम है। उन्हें इस तरह से रुपए की जरूरत नहीं है। लेकिन यह पता चला कि उस पर 6 लाख से ज्यादा का कर्ज हो गया था। शालू का सपना था कि खुद का घर हो। भोपाल में तीनों बेटियों के लिए मैं घर भी बनवा रहा था। लेकिन, उसके पहले ही इस तरह का कदम उठा लिया।

बैंक अधिकारी को दी थी कर्ज की जानकारी

 पिता परमात्मा सिंह के साथ शालू की बैंक के अधिकारी भी वहां पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि एक बार बातचीत में शालू ने बताया था कि उस पर ऑनलाइन एप से कर्ज ज्यादा हो गया है। वह उसे चुका नहीं पा रही है। तब उसके सीनियर ने भी उसे समझाया था। सबकुछ ठीक हो जाएगा। उन्होंने परिवार से भी बात करने के लिए कहा था लेकिन शालू ने माता-पिता या बहन से इस बारे में बात नहीं की।

फरवरी में नहीं हो पाई थी सगाई

शालू के पिता ने बताया कि वह करीब चार साल से अमन मेहरा नाम के लड़के के साथ रिलेशन में थी। अमन और उसने शादी की इच्छा जताई। पहले वह राजी नहीं थे। लेकिन, बाद में हां कर दी। फरवरी में उन्होंने सगाई करने की बात की। लेकिन अमन ने काफी कुछ चीजों की डिमांड की। यह बात शालू को भी ठीक नहीं लगी। इसके बाद दोनों ने बात बंद कर दी। वह आईटी कंपनी दिल्ली में कार्यरत है।

इधर, पुलिस के मुताबिक शालू के मोबाइल से कुछ जानकारी सामने आ सकती है। अभी उसमें लॉक लगा है। जिसे जांच के लिए भेजा जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *