MP: सौतेली मां ने 10 साल की बच्ची की हत्या की, पिता ने मिटाए सबूत; गांव के बच्चों के वीडियो से खुली हत्या की गुत्थी — देखें VIDEO

उज्जैन जिले के माकड़ोन कस्बे में सौतेली मां और पिता ने मिलकर 10 वर्षीय मधु की हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने के लिए मधु का अंतिम संस्कार भी कर दिया। घटना के दो दिन बाद पुलिस ने वीडियो साक्ष्य के आधार पर आरोपी माता-पिता को गिरफ्तार कर लिया है। ये वीडियो गांव के बच्चों ने बना लिया था, जो अपराध खुलासे की अहम कड़ी बना। माकड़ोन पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 103(1), 238(क), 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर दोनों को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया।

करंट लगने- हार्टअटैक की कहानी बना दी

तराना एसडीओपी भविष्य  ने बताया कि माकड़ोन में रहने वाले बालाराम उर्फ बालू पंवार की दूसरी पत्नी संगीता सौतेली बेटी से काम को लेकर नाराज रहती थी। 18 मई को 10 वर्षीय मधु को अकेला पाकर संगीता ने गला दबाकर हत्या कर दी। बाद में पिता बालाराम आया तो उसे घटना की जानकारी मिली।

बालाराम मधु को ना तो अस्पताल ले गया और ना पुलिस को सूचना दी। बल्कि उसके गले और शरीर पर उभरे निशान मिटाते हुए अंतिम संस्कार के लिए ले जाने लगे। गांव वालों के पूछने पर आरोपियों ने कहानी बनाई। किसी को करंट लगने से मौत होना बताया, तो किसी को हार्ट अटैक से। आरोपी माता-पिता पुलिस के पहुंचने से पहले अंतिम संस्कार कर चुके थे।

वीडियो में साफ दिखे गला दबाने के निशान

मधु की अंतिम क्रिया से पहले बच्ची के गले से कंबल हट गया था, तभी गांव के बच्चों ने वीडियो बना लिया। जिसमें बच्ची का गला घोटने के निशान साफ दिख दे रहे थे। दो दिन पहले हुई इस घटना में पुलिस के हाथ खाली थे, लेकिन अचानक मिले इस वीडियो से पुलिस को लीड मिली और वीडियो के आधार पर सौतेली मां संगीता और पिता बालाराम को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू की गई। दोनों ने पुलिस के सामने बच्ची की हत्या करना और अंतिम संस्कार कर सबूत मिटाना कबूल कर लिया।

थाना प्रभारी प्रदीप सिंह राजपूत ने बताया कि-

जांच के दौरान मिले साक्ष्यों, तकनीकी विश्लेषण एवं बयानों के आधार पर यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि मृतिका की हत्या उसकी सौतेली मां संगीता बाई ने की थी। उसने घरेलू विवाद के चलते यह कदम उठाया। हत्या के बाद, पिता बालाराम ने पत्नी के साथ मिलकर बच्ची का अंतिम संस्कार कर दिया, ताकि हत्या के सबूत मिटाए जा सकें और पुलिस को गुमराह किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *