PM मोदी, RSS और भगवान शिव पर आपत्तिजनक कार्टून; फेसबुक पर किया पोस्ट ; कार्टूनिस्ट हेमंत मालवीय पर इंदौर में FIR दर्ज — देखें VIDEO

इंदौर के कार्टूनिस्ट हेमंत मालवीय पर FIR दर्ज की गई है।

इंदौर में बुधवार को कार्टूनिस्ट हेमंत मालवीय पर केस दर्ज कर लिया गया है। उनके खिलाफ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, पीएम नरेंद्र मोदी और भगवान शिव पर आपत्तिजनक कार्टून और टिप्पणी करने का आरोप है।

सुदामा नगर निवासी विनय जोशी की शिकायत पर लसूड़िया थाना पुलिस ने धारा 196, 299, 302, 352, 353 (2) BNS और 67(A) IT act के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। हेमंत मालवीय के खिलाफ पहले हरिद्वार के कनखल थाने में बाबा रामदेव भी FIR दर्ज करा चुके हैं।

शिकायतकर्ता ने कहा- जानबूझकर किया गया

शिकायत कर्ता विनय जोशी ने बताया कि मैं एमपी हाईकोर्ट में अधिवक्ता हूं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का स्वयंसेवक भी हूं। मैं आज निपानिया स्थित इस्कान मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन करने गया था। वहां से बाहर निकला तो मोबाइल पर हेमंत मालवीय नामक फेसबुक आईडी देखी। जिसकी टाइम लाइन पर कुछ इमेज अपलोड की गई है।

ये सभी आरएसएस संगठन के विरुद्ध विद्वेषपूर्ण तरीके से उकसाने के लिए जानबूझ कर प्रसारित की गई है। जिसमें देश के प्रधानमंत्री मोदी और आरएसएस के स्वयंसेवक का आपत्तिजनक, अभद्र एवं अमर्यादित कार्टून शेयर किया गया है। मेरे आराध्य भगवान शिव पर टिप्पणी भी की गई है।

उससे मेरी, आरएसएस कार्यकर्ता और हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई है। इसके पीछे उसका आशय प्रतीत होता है कि वह समाज जनों को दंगा करने, कानून व्यवस्थाओं को अपने हाथ में लेने व हिंसा करने के लिए उकसाना चाहता है।

पीएम मोदी की मां पर की थी टिप्पणी

कार्टूनिस्ट हेमंत मालवीय ने पीएम मोदी की मां के देहावसान के बाद एक पोस्ट डाली थी। कई लोगों ने फेसबुक पर लिखे इस पोस्ट पर कमेंट भी किया था लेकिन भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं द्वारा इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए थाने पर शिकायत दर्ज कराई गई थी।

हेमंत मालवीय पहले भी अपने कार्टून के माध्यम से कई लोगों के खिलाफ टिप्पणी लिखते हैं। मोदी की मां पर टिप्पणी करने के मामले में युवा मोर्चा की थाने पर शिकायत के बाद धारा 188 में हेमंत मालवीय खिलाफ मामला दर्ज हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *