उज्जैन। अस्पताल में आरोपी के साथ पुलिसकर्मीयों की मौज-मस्ती शराब पीते और ताश खेलते हुए नज़र; वीडियो हुआ वायरल – देखें VIDEO

पुलिसकर्मी आरोपी के साथ शराब पीते दिखे हैं।

उज्जैन के चरक अस्पताल का एक वीडियो सामने आया है। जिसमें जेल से इलाज के बहाने अस्पताल लाया गया हत्या के प्रयास का आरोपी वार्ड में ही पुलिसकर्मियों के साथ शराब पीता दिख रहा है। वह ताश खेलता भी नजर आया।

आरोपी और पुलिसकर्मियों की मौज-मस्ती का वीडियो वायरल होने के बाद एसपी ने 5 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है। साथ ही इस पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

हत्या के प्रयास का आरोपी, दूसरी बार अस्पताल में

कोतवाली थाना क्षेत्र के रहने वाले अजय सिंदल ने 1 सितंबर 2024 को अपने चाचा अनिल सिंदल पर जानलेवा हमला किया था। पुलिस ने बीएनएस की धाराओं 304 (2), 127 (1), 115 (2), 351 (2), 296 व 3(5) के तहत मामला दर्ज कर अजय को जेल भेजा था। लेकिन सिर्फ 101 दिनों के भीतर यह दूसरी बार हुआ जब अजय इलाज का बहाना बनाकर जेल से बाहर आया और चरक अस्पताल में भर्ती हुआ।

 

आरोपी की शराब पार्टी, पुलिस की वर्दी टंगी नजर आई

वार्ड के बाहर से फरियादी अनिल सिंदल के बेटे शुभम सिंदल ने वीडियो शूट किया, जिसमें आरोपी अजय सिंदल चार पुलिसकर्मियों के साथ शराब पीते और ताश खेलते दिख रहा है। सभी पुलिसकर्मी वर्दी उतारकर एक कोने में टांगे हुए थे। अस्पताल का सरकारी वार्ड शराबखोरी और जुआ अड्डे के जैसे दिख रहा था।

वीडियो सामने आते ही पांच पुलिसकर्मी सस्पेंड

एसपी प्रदीप शर्मा तक जब यह वीडियो पहुंचा तो उन्होंने गार्ड अल्ताफ हुसैन, आरक्षक धर्मेंद्र मरमट, सुनील बिठोरे, लखन अहिरवार और सुनील परमार को सस्पेंड कर दिया। एसपी शर्मा ने कहा कि वीडियो की जांच कराई जा रही है। यदि दोष सिद्ध होता है तो बर्खास्तगी तक की कार्रवाई होगी।

परिवार का आरोप– इलाज बहाना, समझौते का दबाव

फरियादी अनिल सिंदल के बेटे शुभम सिंदल ने बताया कि अजय सिंदल को कोई गंभीर बीमारी नहीं है। वह जानबूझकर इलाज का बहाना बनाकर अस्पताल में भर्ती हुआ और वहीं से बदमाशों के जरिए उनके परिवार पर समझौते का दबाव बना रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *