
महिला क्रिकेट के नाम पर ऑनलाइन सट्टा।
इंदौर में राजेन्द्र नगर पुलिस ने महिला क्रिकेट के नाम पर चल रहे एक बड़े ऑनलाइन सट्टे के रैकेट का खुलासा किया है। बिजलपुर के पास ट्रेजर टाउन कॉलोनी स्थित क्रिकेट टर्फ पर हो रही इस संदिग्ध गतिविधि में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से एक आरोपी दिल्ली निवासी अनुराग दलाल है, जो इंदौर में किराए से रहकर सट्टा संचालित कर रहा था।
महिला खिलाड़ियों की 8 घंटे की शिफ्ट
सूत्रों के मुताबिक इस टर्फ पर 24 घंटे के भीतर अलग-अलग शिफ्ट में महिला क्रिकेट मैच करवाए जाते थे। एक शिफ्ट 8 घंटे की होती थी और इसमें खेलने के लिए लड़कियों को उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और दिल्ली से बुलाया जाता था। लड़कियों की व्यवस्था राजस्थान की रहने वाली ‘खुशी’ नाम की महिला करती थी, जो पहले खुद भी इस रैकेट का हिस्सा रह चुकी है।

यूट्यूब-टेलीग्राम पर चलता था लाइव प्रसारण
पुलिस की जांच में सामने आया है कि इस सट्टे का संचालन दिल्ली से 1x ऐप के जरिए किया जा रहा था। आरोपी अनुराग के साथ सिद्धार्थ राय नाम का युवक दिल्ली से ऑनलाइन संचालन करता था। मैच की स्क्रिप्ट पहले से तय होती थी- कौन खिलाड़ी कितने रन बनाएगा, कब आउट होगा, कौन सी टीम हारेगी या जीतेगी- सब कुछ पहले से फिक्स रहता था। इसका सीधा प्रसारण यूट्यूब और टेलीग्राम लिंक के जरिए किया जाता था।
होटलों में ठहराई जाती थीं लड़कियां
महिला खिलाड़ियों को इंदौर के आसपास की होटलों में रुकवाया जाता था। पूरे मैच के दौरान गोरखपुर निवासी आदर्श नाम का युवक भी सहयोग करता था। वह हर मैच की स्क्रिप्टिंग और संचालन में प्रत्यक्ष रूप से शामिल था।
बड़े सट्टा गिरोह के खुलासे की संभावना
हालांकि पूरे नेटवर्क के सामने आने के बाद भी पुलिस ने शुरुआती कार्रवाई सिर्फ जुआ एक्ट की धाराओं में की है। आरोपी अनुराग और आदर्श को एक दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। सूत्रों का कहना है कि मामला हाई-प्रोफाइल और इंटरस्टेट लिंक वाला है, लेकिन पुलिस ने इसे छोटी कार्रवाई तक सीमित रखा। जांच में बड़े ऑनलाइन सट्टा गिरोह का खुलासा हो सकता है।