मध्यप्रदेश के इतिहास में दर्ज होगा आज का दिन…कौशल किशोर चतुर्वेदी

मध्यप्रदेश के इतिहास में दर्ज होगा आज का दिन...

मध्यप्रदेश के लिए आज यानि 31 मई 2025 का दिन बहुत खास होने जा रहा है। देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300 वीं जयंती के नाते यह दिन मध्यप्रदेश और प्रदेशवासियों के लिए खास उत्सव का दिन है। और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन के आयोजन से यह दिन मध्यप्रदेशवासियों के लिए महाउत्सव का होने जा रहा है। और इस महाउत्सव में सौगातों का मिलना भी स्वाभाविक ही हैं। ऐसे में मध्यप्रदेश के लिए यह दिन महासंयोग का होने वाला है।मोदी वैसे तो मध्यप्रदेश में दो घंटे ही रुकने वाले हैं, लेकिन यह दो घंटे बहुत ही ऐतिहासिक होने वाले हैं। और इसका साक्षी जंबूरी मैदान बनने वाला है।

प्रधानमंत्री मोदी का सुबह 10:30 बजे भोपाल आगमन होगा। मोदी सुबह 11:00 बजे लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन में शामिल होंगे। महासम्मेलन में ‘देवी अहिल्या सम्मान’ राष्ट्रीय अलंकरण एवं लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर को समर्पित डाक टिकट एवं सिक्का जारी किया जाएगा। वर्चुअल माध्यम से दतिया तथा सतना एयरपोर्ट का लोकार्पण, इंदौर मेट्रो लोकार्पण, 21 कि.मी. क्षिप्रा घाट के निर्माण एवं क्षिप्रा-कान्ह नदी पर 21 बैराज का शिलान्यास और 483 करोड़ रूपये के 1271 नये अटल ग्राम सेवा सदन (पंचायत भवन) की प्रथम किश्त की राशि का अंतरण होगा। यानि देवी अहिल्या जयंती पर सौगातों का पिटारा खुलने वाला है। और महासम्मेलन के बाद प्रधानमंत्री मोदी दोपहर 1 बजे एयरपोर्ट से वापस दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।

वैसे भी देवी अहिल्याबाई प्रदेशवासियों के दिल में बसती हैं। ऐसे में शनिवार 31 मई को होने वाला विशाल महासम्मेलन नारी शक्ति को समर्पित है और इसके माध्यम से प्रदेश में महिलाओं के कौशल और उनके योगदान को सम्मानित होना बड़े गौरव की बात है। महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन के रूप में इस दिन एक अद्वितीय इतिहास रचने जा रहा है, जो देवी अहिल्याबाई की तरह प्रदेशवासियों के दिल में स्थायी तौर पर बस जाएगा। राजधानी भोपाल इन ऐतिहासिक क्षणों के स्वागत के लिए पूरी तरह से तैयार है…।

कौशल किशोर चतुर्वेदी

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार हैं। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में पिछले ढ़ाई दशक से सक्रिय हैं। दो पुस्तकों “द बिगेस्ट अचीवर शिवराज” और काव्य संग्रह “जीवन राग” के लेखक हैं। स्तंभकार के बतौर अपनी विशेष पहचान बनाई है।

वर्तमान में भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र “एलएन स्टार” में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एसीएन भारत न्यूज चैनल में स्टेट हेड, स्वराज एक्सप्रेस नेशनल न्यूज चैनल में मध्यप्रदेश‌ संवाददाता, ईटीवी मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ में संवाददाता रह चुके हैं। प्रिंट मीडिया में दैनिक समाचार पत्र राजस्थान पत्रिका में राजनैतिक एवं प्रशासनिक संवाददाता, भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित अन्य अखबारों के लिए स्वतंत्र पत्रकार के तौर पर कार्य कर चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *