इंदौर। वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करना पड़ा महंगा, कलेक्टर ने की सख्त कार्रवाई; दो पटवारी निलंबित

सोशल मीडिया पर सीनियर अधिकारियों के खिलाफ आपत्तिजनक कमेंट्स करना इंदौर के दो पटवारियों को महंगा पड़ गया। मामला कलेक्टर आशीष सिंह के संज्ञान में आया। इसके बाद उन्होंने दोनों पटवारियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया।

मीडिया ग्रुप में किए गए इन कमेंट्स से वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमा को ठेस पहुंची है। पहला मामला तहसील राऊ के पटवारी चेतन उपाध्याय का है। उन्होंने शुक्रवार को वॉट्सऐप मीडिया ग्रुप में एक वरिष्ठ अधिकारी पर दुर्भावनापूर्ण टिप्पणी की। यह कृत्य सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन माना गया। इसके चलते उन्हें सस्पेंड किया गया। उनका मुख्यालय अधीक्षक भू-अभिलेख कार्यालय इंदौर तय किया गया है।

दूसरा मामला तहसील सांवेर के पटवारी धर्मेंद्र गुप्ता का है। उन्होंने भी इसी दिन वॉट्सऐप ग्रुप में वरिष्ठ अधिकारी के विरुद्ध अनुचित टिप्पणी की। उन्हें भी तत्काल प्रभाव से सस्पेंड करते हुए मुख्यालय अटैच किया है। कलेक्टर ने यह कार्रवाई मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 और मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के तहत की गई है। दोनों सस्पेंड पटवारियों को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *