इंदौर। जन्मदिन की पार्टी से निकला था, फिर नहीं लौटा…सिमरोल के जंगल में मिली दो दिन से लापता कोरियोग्राफर की लाश; ग़मछे से गला घोंटकर की हत्या

अमित पाल, मृतक।

इंदौर से दो दिन पहले लापता हुए एक कोरियोग्राफर का शव मंगलवार को सिमरोल के जंगल में एक नाले के किनारे पड़ा मिला। शव गमछे से गला घोंटकर हत्या करने के बाद पत्थरों से कुचला गया था। मृतक की पहचान अन्नपूर्णा क्षेत्र निवासी अमित पाल के रूप में हुई है। वह शादियों में डांस सिखाने का काम करता था। पुलिस मामले को हत्या मानकर जांच कर रही है।

डीएसपी उमाकांत चौधरी ने बताया कि मंगलवार दोपहर आशापुरा के पास ग्रामीणों ने नाले में एक शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि शव उल्टा पड़ा था और गले में गमछा कसा हुआ था। शरीर पर पत्थर भी रखे गए थे, जिससे अंदेशा है कि हत्या कर शव छुपाने की कोशिश की गई।

जन्मदिन की पार्टी से निकला था, फिर नहीं लौटा

परिवार ने बताया कि 1 जून की रात अमित ने अपने छोटे भाई का जन्मदिन मनाया था। केक कटवाने के कुछ देर बाद वह यह कहकर निकला कि थोड़ी देर में लौटेगा, लेकिन वापस नहीं आया। अगले दिन 2 जून को परिजनों ने अन्नपूर्णा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

आखिरी लोकेशन खंडवा रोड पर मिली

पुलिस ने जांच में पाया कि अमित का मोबाइल फोन आखिरी बार खंडवा रोड पर एक्टिव था। इसके बाद उसकी लोकेशन नहीं मिली। जब शव बरामद हुआ, तब परिवार ने मौके पर पहुंचकर पहचान की।

पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर अमित के दोस्तों और परिवार के करीबी लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। अफसरों का कहना है कि जल्द ही हत्या की वजह और आरोपी सामने आ सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *