इंदौर। रेप-गैंगरेप के आरोप में जेल में बंद शूटिंग कोच पर 8वीं FIR दर्ज, नेशनल शूटर ने घर बुलाकर छेड़छाड़ करने का लगाया आरोप – देखें VIDEO

रेप-गैंगरेप के आरोप में जेल में बंद इंदौर के शूटिंग कोच मोहसिन पर 8वीं FIR दर्ज हुई है। यह एफआईआर महू की नेशनल शूटर ने दर्ज कराई है। उसने पुलिस को दी लिखित शिकायत में कहा कि तीन साल पहले यानी 2022 में मोहसिन की ड्रीम ओलिंपिक शूटिंग एकेडमी में बतौर ट्रेनर बच्चों को शूटिंग सिखाने गई थी।

एक दिन मोहसिन ने उसे कॉफी ऑफर की, लेकिन उसने मना कर दिया। कुछ समय बाद जब वह एकेडमी में अपने बैग में रखे पैसों को देख रही थी, तो मोहसिन ने कहा, मुझे पता है पैसे कैसे कमाए जाते हैं, कभी और पैसे कमाना हो तो मुझे बताना।

कुछ दिन बाद, मोहसिन ने कॉल कर उसे धार नाका स्थित घर पर मिलने बुलाया। वहां बातचीत के दौरान वह छेड़छाड़ करने लगा। उसने गलत तरीके से छूने की कोशिश की। विरोध किया, तो उसने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। डर के कारण उस समय उसने किसी को यह बात नहीं बताई। पीड़िता ने यह भी बताया-

मोहसिन अकादमी में अन्य लड़कियों से भी इसी तरह की अश्लील हरकतें करता था। हाल ही में जब उसके खिलाफ अन्य मामलों की जानकारी मिली, तो उसने अपने परिवार से बात कर पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।

मोहसिन पर इंदौर में 7 और महू में 1 एफआईआर

आरोपी मोहसिन पर अब तक रेप, गैंगरेप, छेड़छाड़ और धोखाधड़ी सहित 8 एफआईआर दर्ज हो चुकी है। 7 एफआईआर इंदौर और 8वीं एफआईआर शुक्रवार रात महू में दर्ज हुई है। इस दौरान हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता भी पीड़िता के साथ मौजूद थे। मोहसिन अपने भाई फैजान और एक अन्य आरोपी इरफान के साथ जेल में बंद है।

शूटिंग सिखाने के नाम पर छात्राओं से रेप-अश्लील हरकत

इंदौर में ये मामला 15 दिन पहले सामने आया। यहां ड्रीम ओंलिपिंक शूटिंग एकेडमी में निशानेबाजी सीख रही एक नाबालिग छात्रा हिंदूवादी संगठनों के साथ थाने पहुंची थी। उसने कोच मोहसिन खान के खिलाफ छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराकर पुलिस को वीडियो सौंपे थे।

उसका आरोप था कि कोच कई छात्राओं के साथ ऐसी हरकतें कर चुका है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अगले दिन दो और पीड़ित युवतियां थाने पहुंचीं और आरोपी कोच के खिलाफ रेप और छेड़छाड़ का केस दर्ज कराया।

पढ़िए लड़कियों ने अब तक की एफआईआर में मोहसिन पर क्या-क्या आरोप लगाए

पीड़िता बोली- कोच कहता था, जैसा कहूं वैसा करना पड़ेगा

नाबालिग छात्रा ने पुलिस को अपने बयान में बताया था कि वह इस एकेडमी में निशानेबाजी सीखती है। यहां कोच सलीम शूटिंग राइफल चलाने की ट्रेनिंग देता है। साल 2021 से साल नवंबर 2023 तक मोहसिन खान की एकेडमी में शूटिंग की। सुबह 12 बजे से शाम 6 बजे तक वहीं रहकर प्रैक्टिस करती थी।

जब कोच से प्रैक्टिस के लिए और समय की मांग करती तो वह कहता था कि मैं जैसा कहूं वैसा करना पड़ेगा, तभी अतिरिक्त समय दूंगा। पीड़ित छात्रा ने बताया कि शूटिंग में ज्यादा समय बिताने और करियर बनाने की बात कहकर वह युवतियों से मनचाहा काम कराता है। न करने पर करियर बर्बाद करने की धमकी देता था।

पीड़िता बोली- मेरे हाथ में बंधा कलावा खोला, मुझे नॉनवेज खिलाया

एक पीड़ित ने कहा कि आरोपी मुझसे शादी करना चाहता था। वह जबरदस्ती मुझे मुस्लिम बनाना चाहता था। इसलिए उसने मेरे हाथ में बंधा कलावा तोड़कर फेंक दिया। पीड़िता ने ये भी बताया कि मोहसिन ने मुझे जबरन नॉनवेज भी खिलाया। वह कहता था तू जब मुस्लिम बन जाएगी तो ये सब खाना पड़ेगा। इसलिए अभी से इसकी आदत डाल ले।

पीड़िता ने बात करते हुए बताया कि मैंने मोहसिन का नंबर भी ब्लॉक कर दिया था, लेकिन वह मुझे दूसरे नंबरों से फोन करने लगा। गुरुवार को जब दैनिक भास्कर एप पर मैंने मोहसिन के बारे में पढ़ा तो मेरी भी एफआईआर दर्ज कराने की हिम्मत हो गई। इसके बाद पिता के साथ थाने पहुंची और मोहसिन पर रेप, धमकी, ब्लैकमेल और मारपीट की धाराओं में केस दर्ज कराया

महिला वकील को धमकी देकर रेप, कर्मचारी से अश्लील बातें

अन्नपूर्णा थाने में मोहसिन के खिलाफ एक महिला वकील ने रेप और दूसरी महिला ने छेड़छाड़ का केस भी दर्ज कराया है। पुलिस दोनों मामलों में भी जांच कर रही है। पहली पीड़िता पेशे से वकील है और एलएलएम की पढ़ाई कर रही है। दूसरी शिकायतकर्ता आदिवासी है। वह मोहसिन की शूटिंग एकेडमी में नौकरी करती थी।

पुलिस ने महिला वकील की शिकायत पर रेप, धमकी देने और ब्लैकमेलिंग की धाराओं में केस दर्ज किया है, वहीं दूसरी महिला की शिकायत पर छेड़छाड़ और जातिगत टिप्पणी की धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।

पीड़िता बोली-धमकी देकर किया रेप, बदनामी का डर दिखाया

पीड़ित महिला वकील ने बताया कि वह सुदामा नगर की रहने वाली है। फरवरी 2021 में शूटिंग सीखने के लिए ड्रीम ओलिपिंक एकेडमी पहुंची थी। कोच मोहसिन खान कोचिंग के नीचे वाले फ्लैट में रहता था। जुलाई 2022 में एक दिन मोहसिन ने उसे कॉल कर फ्लैट में बुलाया। कहा कि एक प्रतियोगिता के लिए जरूरी बात करनी है।

इसके बाद जबरन उसके साथ संबंध बनाए। जब पीड़िता रोने लगी तो आरोपी ने धमकी दी, ‘अगर किसी को बताया तो बदनामी तुम्हारी होगी। तुमसे शादी कौन करेगा?’

आदिवासी महिला ने की छेड़छाड़ की शिकायत

दूसरी पीड़िता आदिवासी समाज से है। उसका एक बेटा भी है। वह एकेडमी में काम करने के लिए आई थी। शूटिंग एकेडमी तीसरी मंजिल पर है और मोहसिन का फ्लैट दूसरी मंजिल पर। महिला ने बताया कि मोहसिन उसे बार-बार फ्लैट में ही बुलाकर बैठाता था। जब वह क्लास में जाने की बात कहती तो बोलता, ‘ऊपर बच्चे नहीं हैं, नीचे ही बैठो।’

16 मई 2024 को उसने महिला को फ्लैट में बैठाकर अश्लील बातें कीं। उसके पैरों को छूते हुए हरकतें करने लगा। घबराकर महिला ऊपर चली गई। लेकिन मोहसिन ने दबाव बनाते हुए कहा कि नीचे ही बैठना होगा। पीड़िता ने कहा कि वह सिर्फ काम करने आती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *