
महाराष्ट्र के स्वास्थ विभाग ने एडवाइजरी जारी कर राज्य में जनवरी और फरवरी के महीने में कोरोना की दूसरी लहर आने की आशंका व्यक्त की है. एडवाइजरी में जिला प्रशासन से कहा गया है कि ICMR के नियमों का पूरी तरह से पालन करते हुए कोविड सेंटर और टेस्टिंग लैब का इस्तेमाल भी पूरी क्षमता से करें. WHO के मुताबिक 10 लाख जनसंख्या के पीछे 140 टेस्ट होना चाहिए इस आदेश का भी सख्ती से पालन करने को कहा गया है.
11 नवंबर को सरकार द़वारा जारी एडवाइजरी में जनवरी फरवरी में इस महामारी की दूसरी लहर की संभावना व्यक्त की गई है। यूरोप के हालात को देखकर भी ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है। महाराष्ट्र में अक्टूबर के आंकड़ों पर नजर डाली जाये तो पहले के मुकाबले यहां संक्रमण के मामलों में बड़ी गिरावट देखी गई थी। एडवाइजरी में कहा गया है कि इस मामले में किसी तरह की ढील न दी जाये। यूरोप जैसे देशों में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर देखने को मिली है।
एडवाइजरी में दर्ज बड़ी बातें
1 – ICMR की सूचना का सख़्ती से किया जाये पालन
2- कोरोना टेस्ट की संख्या बढ़ायी जाये
3- कोविड सेंटर पूरी क्षमता के साथ तैयार रहें और उन्हें बंद करने की जल्दबाजी ना करे
गौरतलब हे कि कोरोना संक्रमण के मामलों को देखते हुए राज्य में गणेशोत्सव में इतने नियम लागू करने के बावजूद भी कोरोना मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी देखी गई थी, ऐसे में दिवाली के मौके पर बाजारों में खरीदारी के लिए जुटी लोगों की भीड़ को देखते हुए मरीजों की संख्या और बढ़ सकती है। इसी को देखते हुए सरकार ने एडवाइजरी जारी की है जिससे आने वाली परेशानी से बचा जा सके।
महाराष्ट्र में बीते 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 4,496 नए मरीज सामने आये जिसके बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 17,36,329 तक पहुंच गई है। वीरवार को 122 संक्रमितों की इस महामारी के कारण मौत हो गई थी। 7,809 मरीजों को स्वस्थ पाए जाने पर अस्पताल से घर भेजा गया। राज्य में 84,627 मरीज सक्रिय बताये गये और 16,05,064 मरीज स्वस्थ हो अस्पताल से घर जा चुके हैं। राज्य में अब तक कुल 45,682 संक्रमितों की इस महामारी के कारण जान जा चुकी है। राज्य में रिकवरी रेट 92.44% बतायी गई है।