
शिलॉन्ग पुलिस ने सबूत मिटाने के आरोप में लोकेंद्र सिंह तोमर, शिलोम जेम्स और बलवीर अहिरवार को पकड़ा है।
इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी मर्डर केस में शिलॉन्ग पुलिस को सोनम के लैपटॉप की तलाश है। पुलिस उसे ढूंढने के लिए मंगलवार को महालक्ष्मी नगर इलाके में पहुंची थी। टीम उस बिल्डिंग के कॉन्ट्रैक्टर शिलोम जेम्स और चौकीदार बलवीर अहिरवार को भी साथ ले गई थी, जिसके एक फ्लैट में सोनम रुकी थी।
दरअसल, पुलिस के हाथ हवाला कारोबार के इनपुट लगे हैं। अनुमान है कि सोनम के लैपटॉप में इसके लेन-देन का हिसाब मिल सकता है। इस लैपटॉप को शिलोम ने डिजिटल एविडेंस समझकर फेंक दिया था। इसके अलावा कुछ ऐसी जानकारी भी पता चली है, जिससे तांत्रिक क्रिया के चलते मर्डर का शक गहरा रहा है। ऐसे में शिलॉन्ग पुलिस अभी शिलोम जेम्स और चौकीदार बलवीर अहिरवार को लेकर इंदौर में ही रुकेगी।
30 मई से 7 जून तक लोकेंद्र के फ्लैट में रही सोनम
राजा रघुवंशी की हत्या के बाद सोनम शिलॉन्ग से लौटकर इंदौर के जिस फ्लैट में रुकी थी, उसके मालिक लोकेंद्र तोमर को सोमवार को ग्वालियर से गिरफ्तार किया गया था। मंगलवार को शिलॉन्ग एसआईटी ने उसे कोर्ट में पेश किया। जहां 72 घंटे की पुलिस रिमांड मंजूर की गई।
लोकेंद्र की बिल्डिंग के फ्लैट में सोनम 30 मई से 7 जून तक रुकी थी। उसने ये बिल्डिंग शिलोम जेम्स को किराए पर दी थी।
बिना खोले ही फेंक दिया था सोनम का लैपटॉप
शिलोम ने पुलिस को बताया कि उसने सोनम के लैपटॉप को खोलकर देखे बिना ही फेंक दिया था। उसे पता था कि यह डिजिटल एविडेंस है, जिसमें वह फंस सकता है। वह नहीं चाहता था कि पुलिस को पता चले कि इंदौर में सोनम, विशाल चौहान और राज कुशवाह उसके हीराबाग स्थित जी 1 फ्लैट में रुके थे।
शिलॉन्ग पुलिस को शक है कि जो लैपटॉप सोनम इस्तेमाल कर रही थी, उसमें व्यापार और हवाला की जानकारियां थीं। वह बतौर सबूत शिलॉन्ग कोर्ट में अहम साबित हो सकता है।
आरोपियों के बीच हुए मैसेज-बातचीत का डाटा तैयार
वहीं, टेक्निकल टीमों ने आरोपियों के बीच मैसेज और बातचीत का पूरा डाटा तैयार किया है। इसको शिलॉन्ग पुलिस सोनम और अन्य आरोपियों की अगली पेशी पर कोर्ट में पेश कर सकती है।

सोनम के दोस्तों की जानकारी निकाली
शिलॉन्ग पुलिस ने सोनम के दोस्तों की जानकारी भी निकाली है। उसे शक है कि सोनम ने इतने बड़े हत्याकांड को अंजाम देने के पहले अपने किसी फ्रेंड से बात की होगी। हालांकि, शिलॉन्ग पुलिस ने अभी तक किसी से पूछताछ की बात नहीं कही है। जिस लड़की अलका से सोनम की गहरी दोस्ती होने की बात पता चली थी, वह भी अभी तक सामने नहीं आई है।
भाई ने कहा- वकील बहिष्कार करें
मंगलवार को राजा रघुवंशी के परिवार ने मामले में हाईकोर्ट जाने की बात कही है। राजा के बडे़ भाई सचिन रघुवंशी ने शिलॉन्ग के वकीलों से एक अपील की है। उन्होंने कहा है कि सोनम, राज, आकाश और आनंद जघन्य हत्याकांड में शामिल हैं। किसी वकील को इन आरोपियों की पैरवी नहीं करना चाहिए। इंदौर से भी इस मामले में किसी वकील को आगे नहीं आना चाहिए।
राजा मर्डर केस की टाइमलाइन

