MP: विदिशा में अफसर को कट मार भागी तेज रफ्तार चार्टर्ड बस, सागर में पकड़ी गई; 11 हजार का जुर्माना

सागर। गोपालगंज पुलिस और आरटीओ ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक चार्टर्ड बस का 11 हजार रु. का चालान काटा। बस को संजय ड्राइव से जब्त कर गोपालगंज थाने लाया गया। परिवहन विभाग के अनुसार शहर के भीतर आने के बाद इन बसों की रफ्तार को लेकर आए दिन शिकायतें आ रही थीं। जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। यह बस भोपाल वाया विदिशा से सागर आई थी। दूसरी ओर चर्चा है कि श्री रावतपुरा सरकार के प्राकट्योत्सव की तैयारियों का जायजा लेने के लिए कलेक्टर एवं एसपी काकागंज तरफ थे आ रहे थे तभी एसपी विकास शाहवाल को एक फोन आया। इसके तत्काल बाद गोपालगंज थाने की पुलिस से लेकर यातायात पुलिस और आरटीओ का अमला संजय ड्राइव पर जमा हो गया। करीब 20 मिनट के भीतर यह बस आई और इसे जब्त कर लिया गया।

विदिशा में किसी अफसर को कट मारकर भागी

चर्चाओं के अनुसार शनिवार दोपहर को एक चार्टर्ड बस रूट डायवर्ट होने के कारण विदिशा शहर के भीतर से गुजरी। आबादी वाले इलाके में प्रवेश करने के बावजूद बस की रफ्तार सामान्य से अधिक थी। इस पर से वहां से पुलिस के कोई जिम्मेदार अफसर निकले तो बस ड्राइवर उन्हें कट मारते हुए निकल गया। इसके बाद विदिशा और सागर पुलिस सक्रिय हुई। गोपालगंज पुलिस द्वारा पकड़ी गई बस को इसी घटनाक्रम से जोड़कर देखा जा रहा है। जबकि गोपालगंज पुलिस का कहना है कि ये कार्रवाई मूलतः आरटीओ ने रेंडम चेकिंग के तहत की है। तिली जैसे व्यस्ततम मार्ग पर इन बसों की रफ्तार को लेकर अक्सर शिकायतें आ रही थीं। बस कंपनी के मैनेजर रोहित तिवारी को हिदायत दी गयी कि वह बसों की स्पीड को नगर निगम सीमा में सीमित रखे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *