
प्रधानमंत्री की लोकसभा को इंदौर ले रहा गोद…!
आज हो जाएगा ऐलान, अफसर पहले ही कर चुके दौरा
अभिषेक कानूनगो
सुपर लिग में भी सुपरहिट रहने के बाद इंदौर के पास एक और शहर को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी है। आज दिल्ली में ऐलान हो जाएगा कि इंदौर अब बनारस को सफाई के मामले में गोद लेने वाला है। इसकी तैयारी पिछले हफ्ते से शुरू हो गई थी। प्रधानमंत्री दफ्तर (पीएमओ) से इसकी देखरेख की जा रही है। वहीं से अफसरों को बुलाने का न्यौता भी भेजा था। पीएमओ के अफसर चाहते हैं कि इंदौर की देखरेख में बनारस स्वच्छ हो।
स्वच्छता सर्वेक्षण-20️24 की सुपर लिग में हम अव्वल रहे हैं। आज इंदौर के लिए दोगुनी खुशी का मौका है। इनाम के साथ देशभर मशहूर होने वाली एक और जिम्मेदारी हमें मिलने जा रही है। इंदौर नगर निगम के कर्मचारियों को बनारस साफ-सफाई करते देखा जा सकेगा। प्रधानमंत्री मोदी की लोकसभा होने के कारण दुनियाभर में बनारस के नवाचारों को पिछले कुछ बरसों से विशेष रूप से देखा जा रहा है, इसमें नया गंगाद्वार हो या काशी विश्वनाथ कॉरिडोर। स्वच्छता लिग में उ️न्हीं शहरों को रखा गया है, जिनके नंबर 85 फीसद से ज्यादा आए हैं। इंदौर इकलौता ऐसा शहर है, जो सातों बार 90️ फीसद से ज्यादा नंबर लाया है।
बनारस की साफ-सफाई इंदौर के जिम्मे होगी। इसकी पटकथा महीनेभर पहले लिख दी थी। हालांकि ज्यादातर लोगों को पता नहीं था कि स्वच्छता सर्वेक्षण की सुपर लिग में हमारा कौनसा नंबर आएगा, लेकिन पीएमओ में इसकी जानकारी पहुंच गई थी। वहीं से तय हुआ कि इंदौर को अब काशी विश्वनाथ में साफ-सफाई का जिम्मा सौंप दिया जाए। कल कलेक्टर आशीषसिंह सहित पूरी टीम बनारस से बैठक लेकर लौटी है। नगर निगम कमिश्नर शिवम वर्मा वहां से सीधे दिल्ली चले गए। नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का बनारस से विशेष जुड़ाव रहा है। इंदौर की सफाई को दिल्ली में पहुंचाने की जिम्मेदारी विजयवर्गीय की थी। उ️न्होंने इस बात की पहल की और पीएमओ से मोहर लग गई। महापौर भार्गव का कहना है, अब तक तो हमें नहीं पता कि कौनसे शहर को गोद लेना है, लेकिन जिस जगह की जिम्मेदारी देंगे, हम इंदौर की तरह साफ-सुथरा बना देंगे।
रैली नहीं, एक जश्न
स्वच्छता में तमगा हासिल कर टीम आज शाम इंदौर लौट आएगी। हर बार एयरपोर्ट से राजवाड़ा तक रैली निकाली जाती है, लेकिन इस बार की जाम की खबरें ज्यादा आने के कारण रैली का कार्यक्रम रद कर दिया है। अब सिर्फ एक सभा राजवाड़ा पर होगी, जिसमें आतिशबाजी की जाएगी। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय इसमें मुख्य मेहमान होंगे।