
तेलंगाना के हैदराबाद में होने वाले निकाय चुनाव के लिए प्रचार जारी है. इस दौरान राजनेताओं की ओर से लगातार विवादित बयान दिए जा रहे हैं. हाल ही में BJP की युवा मोर्चा इकाई के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या चुनाव प्रचार के लिए हैदराबाद पहुंचे और उन्होंने AIMIM सांसद असदुद्दीन ओवैसी पर हमला बोलते हुए उन्हें ‘जिन्ना’ का नया अवतार बता डाला. सूर्या ने कहा कि ओवैसी को दिया गया हर वोट भारत के खिलाफ और उन मूल्यों के खिलाफ वोट है, जिन पर देश खड़ा है. वहीं अब BJP के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद बंदी संजय कुमार ने हैदराबाद स्थित ओल्ड सिटी इलाके में घुसपैठियों पर ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ की बात की है
यहां पर बंदी संजय कुमार का घुसपैठियों से मतलब ओल्ड सिटी इलाके में कथित तौर पर रहने वाले बांग्लादेशी, पाकिस्तानी और रोहिंग्या से है. उन्होंने AIMIM व अन्य विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा, ‘आप घुसपैठियों के अवैध वोटों से ये चुनाव जीतना चाहते हैं. ये देश के खिलाफ है. एक बार हम BJP के मेयर का चुनाव जीत जाएं तो सबको (घुसपैठियों) बाहर करेंगे.’
बंदी संजय कुमार अपनी आक्रामक बयानबाजी के लिए जाने जाते हैं. वह करीमनगर से सांसद हैं. उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक के दायरे में बात करते हुए कहा कि उनकी पार्टी उन लोगों पर भी स्ट्राइक करेगी, जिन्होंने तेलंगाना को अलग-अलग क्षेत्रों में लूटा है. यहां उनका मतलब कॉन्ट्रैक्टर, रियल स्टेट, भूमाफियाओं और ड्रग्स माफियाओं से था.
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ वाले बयान पर हैदरबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, ‘लद्दाख स्थित गलवान घाटी में चीनियों पर सर्जिकल स्ट्राइक क्यों नहीं की गई. आप किसपर सर्जिकल स्ट्राइक करना चाहते हैं. चीनी सेना PLA ने लद्दाख में भारत का 970 किलोमीटर क्षेत्र घेर लिया है, ये लोग उनका नाम भी नहीं लेते.’