कर्नाटक के हासन में सनसनी: शादी का प्रस्ताव ठुकराने पर शादीशुदा प्रेमी ने महिला को कार सहित झील में धकेल कर की साजिशन हत्या

पुलिस के मुताबिक, श्वेता और रवि की जान-पहचान कई सालों से थी. दोनों हासन में काम के दौरान मिले थे. रवि पहले से शादीशुदा था, लेकिन उसने श्वेता पर लगातार दबाव डाला कि वह उसके साथ शादी कर ले

बेंगलुरु:कर्नाटक के हासन जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. बेलूर तालुक के चंदनहल्ली इलाके में 32 वर्षीय महिला श्वेता की हत्या उसके शादीशुदा प्रेमी ने सिर्फ इसलिए कर दी, क्योंकि उसने शादी का प्रस्ताव ठुकरा दिया था. यह घटना रविवार देर शाम हुई और अब आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.

पुलिस के मुताबिक, श्वेता और रवि की जान-पहचान कई सालों से थी. दोनों हासन में काम के दौरान मिले थे. रवि पहले से शादीशुदा था, लेकिन उसने श्वेता पर लगातार दबाव डाला कि वह उसके साथ शादी कर ले. रवि ने दावा किया था कि वह अपनी पत्नी को छोड़ देगा और श्वेता के साथ नया जीवन शुरू करेगा. हालांकि श्वेता, जो अपने पति से अलग होकर माता-पिता के साथ रह रही थी, ने इस रिश्ते को आगे बढ़ाने से इनकार कर दिया.

हत्या को हादसा बताने की कोशिश

श्वेता का यह फैसला रवि को नागवार गुज़रा. पुलिस की जांच में सामने आया कि रविवार को रवि ने श्वेता को अपनी कार में बैठाया और चंदनहल्ली झील के किनारे ले गया. वहां उसने कार को अचानक झील में धकेल दिया, जिसमें श्वेता फंस गई और बाहर नहीं निकल सकी. रवि खुद तैरकर बाहर आ गया और पुलिस को गुमराह करने के लिए बयान दिया कि यह एक हादसा था. कार अचानक पानी में गिर गई थी और वह किसी तरह बच निकला.

हिला के परिवार वालों ने की शिकायत

श्वेता के परिवार की शिकायत और शुरुआती जांच में पुलिस को रवि की कहानी संदिग्ध लगी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और चश्मदीद गवाहों के बयान के आधार पर यह साफ हुआ कि यह कोई हादसा नहीं बल्कि एक सोची-समझी साजिश थी. इसके बाद अहराहल्ली पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर रवि को गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात से पहले रवि ने कितनी तैयारी की थी और क्या किसी और ने उसकी मदद की. स्थानीय लोग इस घटना से सदमे में हैं और श्वेता के परिवार को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं. फिलहाल, आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले से जुड़ी और जानकारियां सामने आएंगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *