इंदौर की हिस्ट्रीशीटर सीमा नाथ 48 लाख कैश और 500 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार; नाबालिग गैंग से बिकवाती थी नशा, अकेले द्वारकापुरी में 11 केस दर्ज

इंदौर के द्वारकापुरी से क्राइम ब्रांच ने हिस्ट्रीशीटर महिला सीमा नाथ को 48 लाख 50 हजार और 500 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ पकड़ा है। सीमा लगभग 8 साल पहले शराब के कारोबार से जुड़ी थी।

आजाद नगर की एक ड्रग तस्कर से जेल में संपर्क होने के बाद वह ब्राउन शुगर के धंधे में आई। इसी व्यवसाय के चलते उसका विवाद ड्रग्स माफिया शुभम नेपाली से बढ़ा। कुछ दिन पहले शुभम जब जेल गया तो सीमा ने द्वारकापुरी और राजेंद्र नगर इलाके में काम बढ़ा लिया। उसने 48 लाख रुपए इसी नशे से इकट्ठा किए थे।

सीमा नाथ ने ब्राउन शुगर को लेकर क्राइम ब्रांच को और नाम बताए हैं। इसमें क्राइम की टीम आगे आरोपियों की धड़-पकड़ में लगी है। आजाद नगर में रहने वाली पागू बाई बड़ी नशे की तस्कर है। सीमा नाथ की उससे जेल में दोस्ती हुई थी। सीमा उसे मां कहने लगी। करीब दो साल पहले पागू बाई ने ही सीमा को इस अवैध कारोबार में उतारा। इसके बाद सीमा ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। उसने इसी अवैध कारोबार से इलाके में संपत्ति भी खड़ी कर ली।

तीन माह पहले पुलिस को भगा दिया था

द्वारकापुरी के तत्कालीन टीआई राहुल राजपूत के समय थाने के कुछ पुलिसकर्मी सीमा को पकड़ने पहुंचे तो उसने घर के बाहर से पुलिसकर्मियों को धमकाकर भगा दिया। सीमा ने अपनी सुरक्षा के लिए घर के बाहर कैमरे भी लगवाए थे। उसने नाथ मोहल्ले में नाबालिग लड़कों की गैंग बनाई थी, जिनसे वह लोगों को नशा बिकवाती थी। सीमा पुलिसकर्मियों पर लेन-देन के आरोप भी लगा चुकी है। इसलिए पुलिस उस पर हाथ डालने से डरती थी।

हिस्ट्रीशीटर महिला सीमा नाथ की झोपड़ी से 48 लाख 50 हजार कैश जब्त किया गया है।

जेल में हुई बदमाश से दोस्ती, फिर कर ली शादी

महेश टोपी भी इलाके का बदमाश है। सीमा के कारण उसकी शुभम नेपाली से दुश्मनी शुरू हो गई, जिसका कारण नशे का अवैध कारोबार था। महेश टोपी ने करीब 4 साल पहले अवैध शराब का कारोबार करने वाले जानू को चाकू मारे थे। तब वह जेल गया था। जेल में ही उसकी दोस्ती सीमा से हुई। दोनों पार्टियां करने लगे। इसके बाद सीमा ने करीब ढाई साल पहले उससे प्रेम विवाह कर लिया। सीमा ने 8 दिन पहले महेश टोपी को महंगी बाइक भी दिलाई है।

झोपड़ी में मिला कैश गिनने के लिए पुलिस को नोट गिनने की मशीन लानी पड़ी।

जेल में बंद हत्यारे भाइयों के डर से बनाया अवैध साम्राज्य

साल 2018 में सिरपुर में व्यापारी अतुल बंसल की हत्या हुई थी। सीमा के सगे भाई चेतन नाथ, अर्जुन और एक अन्य इसमें आरोपी बने थे। बाद में उन्हें उम्रकैद की सजा हो गई। इसके बाद सीमा ने भाइयों के डर के चलते जेल से ही पूरा नेटवर्क शुरू किया। वह इलाके में कई लोगों को अपने भाइयों से धमकी भी दिलवाती थी। सीमा की मां कला और पिता भी अवैध शराब व अन्य अपराधों में शामिल रहे हैं।

सीमा नाथ पति महेश उर्फ टोपी मुजाल्दे निवासी नाथ मोहल्ला पर द्वारकापुरी में सबसे ज्यादा अपराध दर्ज हैं। उस पर एक अपराध चंदन नगर और वर्तमान में ब्राउन शुगर को लेकर एक अपराध क्राइम ब्रांच में दर्ज किया गया है।

शुभम नेपाली पर 18 मामले दर्ज हैं

इंदौर की द्वारकापुरी पुलिस ने ड्रग्स माफिया शुभम नेपाली को उज्जैन से 30 जुलाई को गिरफ्तार किया था। इस पर 18 अपराध पंजीबद्ध हैं। इसमें हत्या का प्रयास, लूट अड़ीबाजी, आर्म्स एक्ट जैसे मामले शामिल हैं

इंदौर पुलिस ने शुभम नेपाली को उज्जैन से गिरफ्तार किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *