“इंदौर पब संचालक सुसाइड केस: सुसाइड नोट के आधार पर इति तिवारी पर केस दर्ज, थाने में सरेंडर कर बोली- भूपेंद्र शादी करना चाहता था, मैं नहीं; पुलिस को ब्लैकमेलिंग गैंग में बड़े नामों के खुलासे की आशंका”

इंदौर के पब संचालक भूपेंद्र रघुवंशी की आत्महत्या के मामले में मुंबई की जिस युवती इति तिवारी का नाम आ रहा था, वह शुक्रवार को अपने एडवोकेट के साथ अन्नपूर्णा थाने पर पहुंची। इस दौरान तिवारी के ऊपर लगे सभी आरोपों को उनके वकील जिल शर्मा ने निराधार बताया। इति पर शुक्रवार देर रात आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किय गया।

इति ने कहा कि भूपेंद्र मुझसे शादी करना चाहता था, मैं नहीं। वो मुझसे कहता था कि मेरी पत्नी से बनती नहीं है, वो बहुत झगड़ा करती है, इसलिए वह शादी करना चाहता था। पुलिस के मुताबिक इति ने भूपेंद्र का दिया आईफोन पुलिस को सौंप दिया है। इति का कहना है कि उसे भूपेंद्र ने कोई पैसा नहीं दिया।

इति के एडवोकेट जिल शर्मा ने कहा कि हमने सरेंडर किया है। भूपेंद्र रघुवंशी की मौत के बाद जो भी फैक्ट आए हैं उनका कोई सबूत नहीं है। उन दोनों के बीच किसी तरह के कोई ट्रांजैक्शन नहीं हुए थे। हमने आगे से अकाउंट स्टेटमेंट और मोबाइल भी जब्त करा दिया है।

जिल ने कहा- भूपेंद्र रघुवंशी से इति की मात्र दोस्ती थी। हम भागे नहीं हैं। हमें जैसे ही खबर लगी मुंबई से खुद आकर सरेंडर किया है। बता दें कि मंगलवार को भूपेंद्र रघुवंशी ने सुसाइड कर लिया था। गुरुवार को उसकी बेटी के यूएस से लौटने के बाद शव का अंतिम संस्कार किया गया था।

भूपेंद्र रघुवंशी ने मंगलवार को सुसाइड कर लिया था। उसने सुसाइड नोट भी छोड़ा था।

रात तक एफआईआर की जा सकती है

इति से टीआई अजय कुमार नायर और एसआई सुजीता श्रीवास्तव शाम 6 बजे के बाद भी पूछताछ कर रहे थे। इति ने बैंक ट्रांजैक्शन की डिटेल भी पुलिस को सौंपी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक शुक्रवार रात तक भूपेंद्र के सुसाइड केस में एफआईआर दर्ज की जा सकती है। इसमें भूपेंद्र के सुसाइड नोट के आधार पर इति को आरोपी बनाया जाएगा।

जांच में बड़े नाम आ सकते हैं सामने

भूपेंद्र को ब्लैकमेल करने के मामले में एक सुनियोजित गैंग होने की बात सामने आ रही है। पुलिस को शंका है कि जांच में कोई बड़ा नाम निकलकर सामने आ सकता है। भूपेन्द्र पर काफी दबाव बनाया गया। इसके चलते उन्होंने सुसाइड कर लिया।

पत्नी से होता था अक्सर विवाद

भूपेंद्र ने एक मोबाइल इति से बात करने के लिए अलग लिया था। पत्नी आरती को इति के बारे में पता चला तो इस बात को लेकर उसकी भूपेंद्र की कई बार कहासुनी हुई। माता-पिता को भी भूपेंद्र ज्यादा जानकारी नहीं देते थे।

गमी में आने के लिए एक बहन ने नौकरी छोड़ी

भूपेंद्र की दो बहनें विदेश में हैं। जो इंदौर नहीं पहुंच पाई। वहीं एक बहन को कनाडा से गमी में आने के लिए नौकरी से रिजाइन देना पड़ा। भूपेंद्र अपने माता-पिता का इकलौता बेटा है। उसकी तीन बहनें हैं। तीनों की शादी हो चुकी है। सभी अपने परिवार के साथ विदेश में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *