
अदरक एक ऐसी औषधी है जिसे रोज़ाना हम किसी न किसी रूप में भोजन में शामिल करते हैं। गर्मियों में अदरक का अधिक सेवन हमारे शरीर को नुकसान पहुंचा सकता है लेकिन सर्दियों में ऐसा कुछ नहीं होता है। अदरक की तासीर गर्म होती है और सर्दियों में हमारे शरीर को गर्माहट की आवश्यकता तो होती ही है। सर्दियों में कई लोगों के शरीर में बहुत अधिक सुस्ती बनी रहती है, जिस वजह से वे कोई काम नहीं कर पाते। ऐसे लोगों के लिए भी अदरक बहुत गुणकारी होती है। अदरक बहुत सारी समस्याओं का एक इलाज है। यह कई बीमारियों को दूर करने में कारगर है। सर्दियों में प्रतिदिन अदरक की चाय पीने से शरीर स्वस्थ रहता है। अगली स्लाइड्स के माध्यम से जानते हैं अदरक के औषधीय गुण और उससे दूर होने वाली बीमारियां।
थकान
ज़्यादातर लोगों को सुबह उठते ही सर भारी, उबकाई या मिथली जैसी समस्या की शिकायत होती है। सर्दियों में तो कई सारे लोग आलस्य और थकान के कारण कुछ कर ही नहीं पाते हैं। खासकर गर्भवती महिलाओं में ये परेशानी ज्यादा देखी जाती है। ऐसे में अदरक का सेवन करने से शरीर को विटामिन बी6 मिलता है जो सुबह होने वाली थकावट, सरदर्द और मिथली से राहत पहुंचाता है और शरीर में दिनभर चुस्ती-फुर्ती बनी रहती है।
एलर्जी
अमूमन लोगों को धूल, मिट्टी या अशुद्ध हवा से एलर्जी होती है। सर्दी-जुकाम जैसी एलर्जी को दूर करने के लिए अदरक बेहद मददगार साबित हो सकती है। इसमें मौजूद एंटी- हेस्टामाइन एलर्जी के असर को दूर करने में मदद करता है। इसलिए यदि सर्दी के मौसम में अचानक सी बहुत सारी छींक आने लगे तो घबराए नहीं बस भोजन में किसी भी तरह से थोड़ी अदरक को शामिल करें।
पाचनतंत्र
जिन लोगों को पाचनतंत्र संबंधी समस्या होती है, उन्हें तो अवश्य यह लाभकारी उपाय करना चाहिए। यह पित्ताशय से बाइल जूस के उत्पादन को उत्तेजित कर पाचन प्रक्रिया को बढ़ाता है। इससे पाचन सही रहता है। इसका नियमित सेवन करने से पाचन शक्ति दुरुस्त रहती है और पेट से संबंधी कोई समस्या नहीं होती।
पेट दर्द में राहत
मासिकधर्म के दौरान महिलाओं में पेट दर्द की समस्या आम है। ऐसे में अदरक की चाय मददगार है। सुबह एक बार अदरक की चाय पीने से पूरे दिन आराम रहता है। मासिकधर्म के दौरान अदरक का सेवन करने से पेट का दर्द या मरोड़ दूर होगा। महिलाएं आसानी से अपने काम कर सकती हैं।
जलन और सूजन की समस्या होगी दूर
अदरक में प्रज्वलन रोधी यानी एंटी इन्फ्लेमेटरी तत्व होते हैं जिससे किसी भी प्रकार का दर्द या सूजन दूर हो सकती है। जब भी आपको शरीर के किसी भी हिस्से पर जलन या सूजन हो तो अदरक का सेवन करें। जल्द ही राहत मिल जाएगी।