झाबुआ और पाली में हार्ट अटैक से दो मौतें: दुकान पर बैठे शख्स और बस ड्राइवर की CCTV में कैद हुई अंतिम घड़ियां, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

झाबुआ में दुकान के बाहर बैठे एक शख्स को हार्ट अटैक आ गया। वह पहले एक तरफ झुका, फिर गिर गया। अस्पताल पहुंचाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।

सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि दुकान के बाहर बैठा शख्स अचानक लुढ़क गया।

मामला थांदला में शनिवार शाम करीब 5 बजे का है। नौगांवा निवासी हीरिया (55) थांदला रोड स्थित एक दुकान के बाहर सीढ़ियों पर बैठे थे। उनका घर यहां से एक किलोमीटर की दूरी पर है। वे किसी का इंतजार कर रहे थे।

युवक ने की उठाने की कोशिश सीसीटीवी फुटेज में नजर आ रहा है कि हीरिया सड़क किनारे दुकान के बाहर सीढ़ियों पर बैठे हैं। पास में ही एक बाइक खड़ी है। एक युवक वहीं खड़ा है। अचानक हीरिया नीचे लुढ़क गए।

युवक तुरंत उनके पास पहुंचा। उन्हें उठाने की कोशिश की लेकिन जब वे नहीं उठे तो उसने हीरिया को आखिरी सीढ़ी से टिकाकर बैठाया। फिर उनके लिए पानी लेने गया।

देखिए, घटना की 2 तस्वीरें…

युवक ने जमीन पर गिरे हीरिया को उठाने की कोशिश की।

हीरिया नहीं उठे तो युवक ने उन्हें टिकाकर बैठा दिया।

अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम थांदला स्वास्थ्य केंद्र के डॉ. मनीष दुबे ने बताया कि यहां लाए जाने के पहले ही हीरिया दम तोड़ चुके थे। उन्होंने कहा कि शनिवार को हार्ट अटैक की यह दूसरी घटना थी। खवासा के 54 वर्षीय एक अन्य व्यक्ति की भी हार्ट अटैक से मौत हो गई थी।

दो दिन पहले हुई थी ड्राइवर की मौत इससे पहले 29 अगस्त को इंदौर से जोधपुर जा रही बस के ड्राइवर की हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। हालांकि, इस दौरान वह बस नहीं चला रहा था। ये पूरा घटनाक्रम बस में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया था।

दरअसल, बस चला रहे 36 साल के ड्राइवर सतीश राव को घबराहट हुई तो उसने साथी क्लीनर को बस चलाने के लिए बैठा दिया था। इस दौरान वह केबिन में ही बोनट पर बैठा था। बैठे-बैठे ही बस चला रहे क्लीनर पर गिर गया।

केबिन में ही बैठी महिला ने बस के अंदर से दूसरे यात्रियों को बुलाया और सतीश को सीपीआर देने की कोशिश की लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

हादसा बुधवार सुबह करीब 6 बजे पाली (मारवाड़, राजस्थान) पहुंचने से कुछ दूर केलवा-राजगनर के पास हुआ। ड्राइवर को देसूरी (पाली) के हॉस्पिटल ले जाया गया। जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर्स ने साइलेंट अटैक के कारण मौत की आशंका जताई है। सतीश राव जोधपुर के भोजासर का रहने वाला था।

4 तस्वीरों में देखें पूरा हादसा…

ड्राइवर सतीश राव को घबराहट हुई तो वह केबिन में ही बैठ गया। कुछ देर में वह लुढ़क गया।

केबिन में बैठी महिला ने दूसरे यात्रियों को बुलाया और ड्राइवर को बचाने की कोशिश की। कुछ यात्रियों ने सीपीआर देने की कोशिश भी की।

पूरा घटनाक्रम बस में लगे सीसीटीवी में कैद हो गया। इस दौरान क्लीनर बस चलाता रहा।

ड्राइवर को यात्री उठाकर अंदर ले गए और वहां फिर से सीपीआर देने की कोशिश की। लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

हादसे के दौरान बस में थे 50 से ज्यादा पैसेंजर्स जानकारी के अनुसार ये प्राइवेट बस इंदौर से देर शाम रवाना होती है और सुबह जोधपुर पहुंचती है। मंगलवार शाम को जब बस रवाना हुई तो राव की तबीयत बिल्कुल ठीक थी।

स्टाफ से मिली जानकारी के अनुसार केवल 15 से 20 मिनट के बीच ही उसकी तबीयत बिगड़ी और बेसुध हो गया। हादसे के वक्त बस में 50 से ज्यादा पैसेंजर्स थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *