DAVV डिबेट में इंदौर मेयर के बेटे संघमित्र भार्गव का बुलेट ट्रेन व जमीन घोटालों पर तंज, बोले– रेल में दलाल का साथ; भाषण वायरल, CM-तोमर भी मुस्कुराए”

इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव के बेटे ने मुख्यमंत्री के सामने भरे मंच से देश की रेल सुविधाओं पर हमला बोला। संघमित्र ने कहा- बुलेट ट्रेन का वादा हुआ था। कहा गया था कि 2022 तक अहमदाबाद से मुंबई तक सरसराते हुए ट्रेन जाएगी

इंदौर मेयर के बेटे देवी अहिल्या विश्वविद्यालय में आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता में डेली कॉलेज की ओर से बोल रहे थे।

2025 आ गया है, बुलेट ट्रेन तो नहीं वादाखिलाफी की रफ्तार दौड़ रही है। करोड़ों रुपए खर्च हो गए, जमीन अधिग्रहण में घोटाले हो गए हैं, लेकिन बुलेट ट्रेन सरकार की पावर पॉइंट प्रजेंटेशन से बाहर नहीं आई पाई।

दरअसल संघमित्र भार्गव गुरुवार को इंदौर के देवी अहिल्या विश्वविद्यालय में आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता में डेली कॉलेज की ओर से बोल रहे थे। उस समय महापौर के साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर भी मंच पर ही थे। संघमित्र का भाषण सुनकर वे भी ठहाके लगाकर हंसने लगे।

यह आयोजन पूर्व वन मंत्री स्व. निर्भय सिंह पटेल के पुण्य स्मरण दिवस पर रखा गया था।

पढ़िए संघमित्र भार्गव ने अपने भाषण में और क्या कहा…

यहां चमकते बोर्ड तो हैं, लेकिन पीने का पानी महंगा संघमित्र भार्गव ने कहा- सरकार कहती है कि कवच तकनीक सिस्टम से रेल हादसे खत्म हो जाएंगे, लेकिन आपको बता दूं कि पिछले 10 साल में 20 हजार लोगों ने रेल हादसे में अपनी जान गंवाई है। स्टेशन री-डेवलपमेंट की बात होती है, कहते हैं कि 400 स्टेशन हम एयरपोर्ट जैसे बनाएंगे, लेकिन बनते कितने हैं केवल 20।

वहां से भी जनता की आवाज आती है कि यहां चमकते बोर्ड तो हैं, लेकिन पीने का पानी महंगा है। मैं आपको यह बताना चाहता हूं कि सरकार कहती है कि सबका साथ सबका विकास, लेकिन रेलवे में हो रहा है दलाल का साथ और जनता निराश।

लाइव स्ट्रीमिंग से हटाया संघमित्र के भाषण का हिस्सा संघमित्र भार्गव का यह भाषण भले ही वाद-विवाद प्रतियोगिता के दौरान दिया गया था, लेकिन यह सोशल मीडिया में वायरल भी होने लगा। कोई विवाद न हो इसलिए मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की लाइव स्ट्रीमिंग से भाषण का यह हिस्सा हटा दिया गया

कार्यक्रम के दौरान संबोधित करते मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव।

सीएम बोले- ऐसी प्रतियोगिताओं से अच्छे वक्ता आते हैं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इस तरह की वाद-विवाद प्रतियोगिताओं से नई पीढ़ी के अच्छे वक्ता सामने आते हैं। भारतीय संस्कृति में प्राचीन काल में शास्त्रार्थ होते थे, जो कि अब वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का रूप ले चुके हैं।

मेयर बोले- मैंने तैयारी नहीं कराई, CM ने कहा–चोर की दाढ़ी में तिनका संघमित्र के भाषण के बाद मंच से महापौर ने कहा कि मैंने उसे तैयारी नहीं कराई है। इस पर मुख्यमंत्री ने मंच से ही कहा कि आप क्यों अपने पर ले रहे हो। मैं आपको देखकर नहीं बोल रहा हूं, लेकिन एक मुहावरा बड़ा गलत चलता है कि चोर की दाढ़ी में तिनका। मैं यह आपके लिए नहीं कह रहा हूं।

विषय में रक्षा विभाग को भी शामिल किया जाए- तोमर कार्यक्रम में मौजूद विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने सुझाव दिया कि इस साल की वाद-विवाद प्रतियोगिता के विषय में भारत सरकार के कृषि, रेल और खेल विभाग को शामिल किया गया था। अगले वर्ष से रक्षा विभाग को भी शामिल किया जाना चाहिए।

विजेताओं को कुल 2.30 लाख रुपए की राशि दी गई

प्रतियोगिता में विजेताओं को पुरस्कृत करते मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष।
  • प्रतियोगिता में विजेताओं को कुल दो लाख तीस हजार रुपए की नगद राशि पुरस्कार स्वरूप वितरित की गई।
  • डेली कॉलेज के छात्र संघमित्र भार्गव ने अपने उत्कृष्ट तर्क-वितर्क से प्रथम स्थान हासिल किया।
  • द्वितीय स्थान पर साउथ वैली स्कूल के छात्र अथर्व राठौर रहे।
  • प्रथम आने वाले प्रतिभागियों को दस–दस हजार रुपए के पुरस्कार प्रदान किए गए।
  • द्वितीय स्थान पर आने वाले प्रतिभागियों को 5100 रुपए की राशि देकर सम्मानित किया गया।
  • कॉलेज श्रेणी में जय मिश्रा प्रथम स्थान पर रहे। कुल 60 प्रतिभागियों ने इस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया, जिनमें 22 प्रतिभागियों को पुरस्कार दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *