तनाव के बीच चीन की कंपनी एंट पेटीएम में 30% हिस्सेदारी बेच सकती है, ये है वजह

चीन की फिनटेक कंपनी एंट ग्रुप भारतीय डिजिटल पेमेंट कंपनी पेटीएम में 30% हिस्सेदारी बेचने की योजना बना रही है। यह हिस्सेदारी ऐसे समय में बिकने वाली है, जब भारत और चीन के बीच लगातार तनाव बना हुआ है। हालांकि, इसे लेकर अभी पेटीएम या एंट ग्रुप की तरफ से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। दोनों कंपनियों ने अभी इससे इनकार किया है, लेकिन रायटर्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक अलीबाबा ग्रुप (Alibaba Group) का सहयोगी कंपनी एंट ग्रुप जल्द ही Paytm में अपनी 30 फीसदी हिस्सेदारी बेचेगी। इस रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत और चीन के बीच लगातार तनाव बने होने और भारत में तगड़ा कॉम्पिटिशन होने के कारण एंट ग्रुप पेटीएम की हिस्सेदारी बेचने के बारे में सोच रही है।

इस संबंध में सवाल पूछने पर Paytm को प्रवक्ता ने कहा कि अभी एंट ग्रुप के साथ स्टेक सेल को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है। कंपनी अभी अपनी हिस्सेदारी बेचने को लेकर किसी योजना पर विचार नहीं कर रही है। वहीं, रायटर्स की रिपोर्ट में 4 सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि स्टेक सेल पर विचार हो रहा है। हालांकि, अभी तक संभावित लेन-देन का फाइनेंशियल डिटेल्स सामने नहीं आया है। साथ ही अभी तक बिक्री की प्रक्रिया भी शुरू नहीं हुई है।

 

भारत ने निवेश के नियमों को सख्त किया:-इस साल जून में लद्दाख में LAC पर दोनों देश के सैनिकों के बीच हिंसक झड़प के बाद से भारत ने चीन से आने वाले निवेश के नियमों को भी कड़क कर दिया है। भारत ने जिन ऐप्स पर प्रतिबंध लगाया है उसमें अलीबाबा के भी ऐप्स हैं। माना जा रहा है कि एंट ग्रुप अब किसी भी कंपनी में अपनी हिस्सेदारी नहीं बढ़ाने की योजना बना रहा है।

 

Paytm में सॉफ्टबैंक का भी निवेश:-Paytm में जापान के सॉफ्टबैंक का भी निवेश है। पेटीएम की वैल्यू इस समय 16 अरब डॉलर है। एक साल पहले ही इसमें प्राइवेट फंडिंग हुई थी, जिसके बाद इसका वैल्यूएशन बढ़ गया है। इस वैल्यूएशन पर एंट ग्रुप को 30% हिस्सेदारी के एवज में 4.8 अरब डॉलर की रकम मिल सकती है। एंट ग्रुप अगर हिस्सेदारी बेचकर Paytm से निकल जाता है तो चीन की कंपनी के लिए यह एक और बड़ा झटका होगा। पिछले महीने ही एंट ग्रुप के 37 अरब डॉलर के IPO की लिस्टिंग को सस्पेंड कर दिया गया था। यह विश्व का सबसे बड़ा IPO था।

 

अलीबाबा ने भारत में किया है 4 अरब डॉलर का निवेश:-आपको बता दें कि चीनी कंपनी अलीबाबा ने भारत में अब तक 4 अरब डॉलर का निवेश किया है। यह 2021 तक 5 अरब डॉलर के निवेश की योजना बना रहा था, जिसे अभी फिलहाल रोक दिया गया है। एंट ने Paytm में 2015 में निवेश किया था और 30% हिस्सेदारी खरीदा था। यह निवेश उसने अपनी पैरेंट कंपनी वन97 कम्युनिकेशन ( One97 Communications) के जरिए किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *