संजय मांजरेकर ने जडेजा की चोट पर उठाए सवाल, कह दी ये बात

सिर में गेंद लगने के बाद चोटिल हुए भारतीय ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा  के कनकशन रिप्‍लेसमेंट  को लेकर शुरू हुआ विवाद थमने का नाम ही नहीं ले रहा है. भारतीय टीम के पूर्व बल्‍लेबाज संजय मांजरेकर  का कहना है कि जडेजा के कनकशन के मामले में नियमों का उल्‍लंघन किया गया है. जडेजा के विकल्‍प के रूप में भारतीय टीम का हिस्‍सा बने युजवेंद्र चहल तीन विकेट निकाल भारत की जीत के सूत्रधार बने. उन्‍हें मैन ऑफ द मैच अवॉर्ड दिया गया

मांजरेकर ने उठाए सवाल
सोनी सिक्स पर कॉमेंट्री करते हुए मांजरेकर ने कहा कि जब जडेजा के सिर पर चोट लगी तो उस वक्त टीम इंडिया के फिजियो मैदान पर क्यों नहीं पहुंचे. मांजरेकर ने कहा, ‘प्रोटोकॉल को तोड़ा गया. मुझे पूरी उम्मीद है कि मैच रेफरी टीम इंडिया से इस मुद्दे को लेकर जरूर सवाल करेंगे. जैसे ही किसी बैट्समैन को सिर पर चोट लगती है तो टीम के फिजियो तुरंत मैदान पर आकर बल्लेबाज़ की चोट का जायजा लेते हैं. वो पूछते हैं कि उन्हें कैसा लग रहा है. लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं हुआ. बिना किसी देरी के मैच चलता रहा.’

विश्वसनीयता पर सवाल
मांजरेकर ने कहा कि जडेजा के बल्लेबाजी जारी रखने से भारत को कोई बड़ा फायदा नहीं हुआ क्योंकि भारत ने इसके बाद सिर्फ नौ रन ही जोड़े लेकिन उसकी चोट की विश्वसनीयता पर सवाल उठाये जा सकते हैं. उन्होंने कहा, ‘उसने सिर्फ नौ रन जोड़े, ये कोई बड़ा फायदा नहीं था. लेकिन गेंद लगने के बाद कम से कम दो या तीन मिनट होने चाहिए थे, जिसमें भारत के सपोर्ट स्टाफ को आना चाहिए था. तो ये थोड़ा ज्यादा विश्वसनीय दिखता.’

टॉम मूडी ने भी उठाए सवाल
पूर्व आस्ट्रेलियाई क्रिकेटर टॉम मूडी ने भी जडेजा की चोट की गंभीरता पर संदेह व्यक्त किया क्योंकि इसके लिये मेडिकल जांच की जरूरत नहीं पड़ी. कोच और कमेंटेटर मूडी ने पूछा, ‘मुझे जडेजा के विकल्प के तौर पर चहल को लाने से कोई परेशानी नहीं है. लेकिन मुझे परेशानी इस बात से है कि जडेजा को हेलमेट पर गेंद लगने के बाद डॉक्टर और फिजियो वहां मौजूद नहीं थे जो मुझे लगता है कि सही प्रोटोकॉल है?’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *