
कोरोना वायरस वैक्सीन फाइजर-बायोएनटेक को हाल ही में यूके (ब्रिटेन) ने इमरजेंसी इस्तेमाल की इजाजत दी है। ब्रिटने की सरकार द्वारा बताया गया है कि अगले हफ्ते से इस वैक्सीन को देश में उपलब्ध कराया जाएगा। ब्रिटेन के बाद फाइजर-बायोएनटेक कोरोना वैक्सीन को बहरीन में भी शुक्रवार (04 दिसंबर) को मंजूरी मिल गई है। ब्रिटेन के बाद बहरीन दूसरा देश है, जिसने फाइजर-बायोएनटेक वैक्सीन को इमरजेंसी इस्तेमाल की मंजूरी दी है।
बहरीन न्यूज एजेंसी (BNA) को दिए गए एक आधिकारिक बयान के अनुसार, नेशनल हेल्थ रेगुलेटरी अथॉरिटी के सीईओ, मरियम अल जमहमा ने कहा, “Pfizer-BioNTech वैक्सीन की मंजूरी से देश में कोविड -19 के खिलाफ जंग में एक और महत्वपूर्ण परत जुड़ जाएगी.”
हालांकि, मनामा ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि अमेरिकी दिग्गज फार्मा कंपनी Pfizer और उसकी जर्मन पार्टनर BioNTech की वैक्सीन कब से देने की शुरुआत होगी. ब्रिटेन ने
बुधवार को कहा था कि उसने कोविड -19 वैक्सीन के सामान्य उपयोग की मंजूरी दे दी है, और उसे अगले हफ्ते से शुरू करने की योजना है.
बता दें कि नवंबर में गल्फ के इस छोटे देश बहरीन ने सीमावर्ती स्वास्थ्य कर्मियों पर चीन के साइनोफार्मा वैक्सीन के उपयोग को मंजूरी दी थी. बहरीन में कोरोना वायरस संक्रमण के कुल 87000 मामले सामने आए हैं. इनमें से 341 की मौत हो चुकी है.