फाइजर ने भारत में इमर्जेंसी इस्‍तेमाल के लिए कोविड-19 टीके को मंजूरी देने का आवेदन किया

दवा बनाने वाली कंपनी फाइजर की भारतीय इकाई ने अपनी कोविड-19 वैक्‍सीन के इमर्जेंसी इस्तेमाल के लिए औपचारिक मंजूरी मांगी है. इसके लिए उसने भारतीय दवा नियामक डीसीजीआई के पास आवेदन किया है. कोरोना की वैक्‍सीन बनाने की दौड़ में कई कंपनियां शामिल हैं. डीजीसीआई को मिला यह ऐसा पहला आवेदन है. फाइजर ने अपनी कोविड-19 वैक्‍सीन को ब्रिटेन और बहरीन में ऐसी ही मंजूरी मिलने के बाद यह अनुरोध किया है.

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि दवा नियामक को दायर किए गए अपने आवेदन में कंपनी ने देश में टीके के आयात एवं वितरण के संबंध में मंजूरी दिये जाने का अनुरोध किया है. इसके अलावा, दवा एवं क्लीनिकल परीक्षण नियम,2019 के विशेष प्रावधानों के तहत भारत की आबादी पर क्लीनिकल परीक्षण की छूट दिए जाने का भी अनुरोध किया है.
एक सूत्र ने कहा, ” फाइजर इंडिया ने भारत में उसके कोविड-19 टीके के आपातकालीन उपयोग की मंजूरी के लिए चार दिसंबर को डीजीसीआई के समक्ष आवेदन किया है.”

ब्रिटेन ने बुधवार को फाइजर के कोविड-19 टीके को आपातकालीन उपयोग के लिए अस्थायी मंजूरी प्रदान की थी. ब्रिटेन के बाद बहरीन शुक्रवार को दुनिया का दूसरा देश बन गया है जिसने दवा निर्माता कंपनी फाइजर और उसके जर्मन सहयोगी बायोएनटेक द्वारा विकसित कोविड-19 टीके के आपात इस्तेमाल की औपचारिक मंजूरी दी है. दवा कंपनी पहले ही अमेरिका में ऐसी ही मंजूरी के लिए आवेदन कर चुकी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *