
सोशल मीडिया पर अक्सर आपने लोगों को एक-दूसरे से अलग राय रखते और इसी वजह से आपस में लड़ते हुए देखा होगा. इन दिनों बॉलीवुड में ये Twitter-WAR सबसे ज्यादा देखने को मिल रही है. हाल ही में कंगना रनौत और दिलजीत दोसांझ किसान आंदोलन को लेकर ट्विटर पर जमकर बहस करते और एक-दूसरे को खरी-खरी सुनाते नजर आए और अब ऐसा ही कुछ अनुराग कश्यप और अनिल कपूर के बीच हो गया है. पहले दोनों एक दूसरे से मजाक करते रहे लेकिन बाद में धीरे-धीरे बात तंज कसने तक पहुंच गई। और आखिर में दोनों आपस में भिड़ने लगे।
दरअसल अनिल कपूर ने वेब सीरीज दिल्ली क्राइम के एम्मी अवॉर्ड मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए ट्वीट किया, ‘मैंने पहले भी एक बार कहा था और फिर से कहूंगा क्योंकि वे इसके लायक हैं। बधाई हो टीम दिल्ली क्राइम। हमारे लोगों को अंतराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने से अच्छा लगा।’ इस पोस्ट में उन्होंने दिल्ली क्राइम की अभिनेत्री शेफाली शाह को भी टैग किया।
अनिल कपूर के इस ट्वीट पर अनुराग कश्यप ने मजाक करते लिखा, ‘कुछ योग्य लोगों को अंतर्राष्ट्रीय पहचान मिलने पर अच्छा लग रहा है। वैसे आपका ऑस्कर किधर है? नहीं? अछा … नॉमिनेशन?
इस पर जवाब देते हुए अनिल कपूर ने एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, ‘आप ऑस्कर के सबसे करीब आए हैं, स्लमडॉग मिलियनेयर को टीवी पर ऑस्कर जीतते हुए देख रहे हैं। तुमसे न हो पाएगा।’ अनिल की ये बात सुनकर अनुराग भी चुप नहीं बैठे। उन्होंने जवाब देते हुए लिखा, ‘हैंड-मी-डाउन फिल्मों के k-k-k-ing को कहते हैं। क्या आप इस फिल्म के लिए भी दूसरी पसंद नहीं हैं?’ इसके जवाब में अनिल ने लिखा, ‘हैंड-मी-डाउन या पिक-अप-अप: मैं ध्यान नहीं देता। काम ही काम है। तुम्हारे जैसे काम खोजते समय बाल तो नहीं नोंचने पड़ते।’
इस पर अनुराग ने चुटकी लेते हुए कहा, ‘सर आप बालों के बारे में बात नहीं करते। आपको तो अपने बालों के दम पर रोल मिलते हैं।’ इस पर अनिल ने जवाब दिया, ‘बेटा, तुमको मेरा जैसा कॅरियर पाने के लिए सीरियस स्किल्स चाहिए हैं। ऐसे ही नहीं चल रही है हमारी गाड़ी 40 साल से।’
इस ट्वीट के बाद दोनों की बात बढ़ने लगी फिर अनुराग कश्यप ने अनिल कपूर की कुछ पिछली फिल्मों के पोस्टर्स को साझा करते हुए लिखा, ‘सर हर 40 साल पुरानी गाड़ी को विंटेज नहीं कहते। कुछ को खटारा भी कहते हैं। रिटायरमेंट बुला रहा है।’ इस पर अनिल कपूर ने रिप्लाई करते हुए लिखा, ‘अबे मेरी गाड़ी 40 साल चली तो चली, तेरी तो अभी तक गैरेज से ही नहीं निकली है।’
अंत में अनुराग कश्यप ने एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, ‘ठीक है सर, गुड बॉय, रोइए मत’। इसके जवाब में अनिल कपूर ने लिखा, ‘मेरे रोने का एकमात्र कारण यह है कि मैं इस फिल्म को आपके साथ करने के लिए सहमत हूं। लेकिन चिंता मत करो, ये मेरी आखिरी हंसी है।’