सतना में डीजे संचालक को दिनदहाड़े गोली मारी: डीजे बुकिंग के बहाने आए तीन हमलावरों ने सीने में मारी गोली, रीवा रेफर – एक आरोपी की पहचान

सतना में एक डीजे संचालक युवक को दिनदहाड़े गोली मार दी गई। गोली युवक के सीने में लगी। इससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। दो बाइक पर सवार तीन हमलावर डीजे बुक कराने के बहाने आए थे। फायरिंग के बाद वहां से फरार हो गए।

डीजे संचालक को बाइक से आए हमलावरों ने गोली मार दी।

घटना शनिवार दोपहर को लखन चौराहे की है। इसका वीडियो भी सामने आया है। अंकुर गुप्ता (24) टिकरिया गोला के रहने वाले हैं। शुक्रवार रात दुर्गा विसर्जन कार्यक्रम के बाद बजरहा टोला के कुछ युवकों ने उन पर डीजे बजाने का दबाव बनाया था। अंकुर ने प्रशासनिक अनुमति न होने का हवाला देते हुए मना कर दिया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया था।

देखिए तस्वीरें

दो बाइक से आए हमलावरों ने पहले डीजे संचालक से बहस की।

बहस के बाद एक युवक ने कट्‌टा निकालकर फायर कर दिया।

वहां मौजूद लोगों ने घायल युवक को स्कूटी से अस्पताल पहुंचाया

डीजे संचालक के सीने में गोली लगी है। उसे रीवा रेफर किया गया है।

काले रंग की बाइक से आए थे हमलावर प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शनिवार को काले रंग की बाइक पर सवार तीन युवक लखन चौराहा पहुंचे थे। उन्होंने सीधे अंकुर गुप्ता पर फायरिंग कर दी। आरोपी सिटी कोतवाली क्षेत्र के बजरहा टोला के निवासी हैं।

सूचना मिलते ही कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी और सिटी कोतवाली थाना प्रभारी रावेंद्र त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायल अंकुर को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज रीवा रेफर कर दिया।

सीएसपी बोले- एक आरोपी की हुई पहचान सीएसपी देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि एक आरोपी जितेंद्र बसोर की पहचान हो गई है। उसके साथ 2 अन्य लोग भी थे। कोलगवां थाना एवं सिटी कोतवाली की 3 टीमें आरोपियों की धर पकड़ के लिए लगाई गई है। जल्द ही आरोपी पकड़ लिए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *