इंदौर के नंदलालपुरा क्षेत्र की एक किन्नर ने दो मीडियाकर्मियों पर रेप का केस दर्ज कराया है। पंढरीनाथ थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट और धमकी देने की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, किन्नर ने अपनी शिकायत में बताया कि 30 मई 2025 को उसके डेरे के गुरु के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई थी। इसके बाद 12 जून को आरोपी पंकज जैन अपने साथी अक्षय के साथ डेरे पर आया। आरोप है कि पंकज ने किन्नर पर जबरन संबंध बनाने का दबाव डाला और मना करने पर समाज को बदनाम करने और पुलिस कार्रवाई में एनकाउंटर कराने की धमकी दी।
गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी
किन्नर का कहना है कि पंकज ने उसे पहली मंजिल पर ले जाकर जबरन संबंध बनाए और मारपीट भी की। बाद में धमकी दी गई कि यदि उसने यह बात किसी को बताई तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। घटना के बाद पीड़ित किन्नर ने अपने गुरु को जानकारी दी और मंगलवार को थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी।
दो गुटों में चल रहा है विवाद किन्नरों के दो गुटों में संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है। यहां गादी को लेकर पायल और सीमा गुरू के लोग कई बार आमने-सामने आ चुके हैं। इस मामले में सीपी संतोष सिंह एसआईटी का गठन भी कर चुके हैं, लेकिन एसआईटी तीन माह बाद भी खाली हाथ है।
पहले इस मामले में एसआईटी में मुख्य भूमिका डीसीपी ऋषिकेश मीणा निभा रहे थे, लेकिन उनके ट्रांसफर होने के बाद एसआईटी ने आगे मामलों में जांच नहीं की। कुछ दिन पहले भी किन्नरों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए थे। वहीं अन्नपूर्णा थाने का घेराव भी किया था।