मंदसौर के भानपुरा कॉलेज में छात्राओं के कपड़े बदलते समय वीडियो बनाते पकड़े गए एबीवीपी के तीन कार्यकर्ता — सीसीटीवी में कैद हुई हरकत, प्राचार्य की पहल पर पुलिस ने की कार्रवाई; एनएसयूआई ने सख्त कार्रवाई की मांग की, एबीवीपी ने जांच समिति गठित की

मंदसौर के भानपुरा में सरकारी कॉलेज में मंगलवार को युवा उत्सव के दौरान शर्मनाक घटना सामने आई। यहां कार्यक्रम में हिस्सा लेने आई छात्राओं के कपड़े बदलते समय चार छात्रों ने मोबाइल से फोटो और वीडियो बना लिए।

यह हरकत कैंपस में लगे CCTV में रिकॉर्ड हो गई

छात्राओं को जब इसकी भनक लगी तो उन्होंने हंगामा कर दिया। उन्होंने प्रभारी प्राचार्य डॉ. प्रीति पंचोली से इसकी शिकायत की। प्राचार्य ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सीसीटीवी फुटेज जांचने के निर्देश दिए। फुटेज में चारों छात्र संदिग्ध हरकत करते नजर आए।

इसके बाद डॉ. पंचोली ने चारों छात्रों के खिलाफ भानपुरा पुलिस को लिखित शिकायत दी। पुलिस ने इस मामले के केस दर्ज कर ABVP के तीन छात्रों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं एक छात्र फरार है।

एक युवक ने दूसरे को ऊपर उठाया और मिलकर रिकॉर्डिंग की। घटना सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई।

छात्राओं के वीडियो रिकॉर्ड करने के बाद छात्र बाहर जाते समय सीसीटीवी में दिखाई दिए

आरोपियों को कोर्ट ने भेजा जेल

थाना प्रभारी रमेशचंद डांगी ने बताया कि आरोपियों में उमेश जोशी (22) निवासी प्रेमपुरिया – नगर मंत्री, एबीवीपी, अजय गौड़ (21) निवासी ग्राम कंवला – नगर सह-महाविद्यालय प्रमुख, एबीवीपी, हिमांशु बैरागी (20) निवासी ग्राम सानड़ा, कार्यकर्ता, एबीवीपी शामिल हैं।

तीनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें बाउंड ओवर कर उपजेल गरोठ भेजा गया। चौथे आरोपी की तलाश जारी है। थाना प्रभारी डांगी ने बताया कि यदि ये वीडियो या फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होते, तो छात्राओं की निजी जिंदगी पर गंभीर असर पड़ सकता था। मामले की जांच जारी है।

पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं एक आरोपी फरार है।

एबीवीपी ने कहा- जांच के लिए समिति बनाई

एबीवीपी जिला संयोजक चंद्रराजसिंह पंवार ने बताया कि संगठन ने जिला समिति स्तर पर जांच बैठाई है। उन्होंने कहा कि जिस कमरे में घटना बताई जा रही है, वह लंबे समय से बंद था। प्राचार्य और टीआई से चर्चा की गई है, रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।

पुलिस ने कॉलेज पहुंचकर जांच की। उन्होंने छात्राओं के बयान दर्ज किए।

एनएसयूआई ने की सख्त कार्रवाई की मांग एनएसयूआई जिलाध्यक्ष ऋतिक पटेल ने कहा, “एबीवीपी का चाल, चरित्र और चेहरा फिर सामने आ गया है। शिक्षा के मंदिर जैसे पवित्र स्थल पर ऐसी हरकतें बेहद निंदनीय हैं। यदि आरोपियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो एनएसयूआई उग्र आंदोलन करेगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *