मध्यप्रदेश के लिए उपलब्धियों भरा रहा शुक्रवार… कौशल किशोर चतुर्वेदी

मध्यप्रदेश के लिए उपलब्धियों भरा रहा शुक्रवार…
आदि कर्म योगी अभियान के उत्कृष्ट क्रियान्वयन में मध्यप्रदेश को देश में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिल्ली में सम्मानित किया है। वहीं ‘जीरो पेंडेंसी माह’ में दावा निस्तारण में उत्कृष्ट कार्य पर मध्यप्रदेश को बड़े राज्यों की श्रेणी में प्रथम पुरस्कार मिला है। मध्य प्रदेश के लिए इन विशेष उपलब्धियों से भरा शुक्रवार 17 अक्टूबर 2025 का रहा। और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश की यह उपलब्धियां गौरवान्वित होने का अवसर उपलब्ध करा रहीं हैं। हालांकि सुधार करने की गुंजाइश और शिखर को छूने की आजमाइश तो हमेशा ही चलती रहेगी लेकिन इस बीच उपलब्धियों का पिटारा बहुत सारा उत्साह भरने का काम तो करता ही है। और अब इन उपलब्धियों का जिक्र मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जोर-शोर से बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार में भी करने से नहीं चूकेंगे। अब उपलब्धियां तो गिनाई ही जाएंगी और कमियां हमेशा बेहतर करने का आईना भी दिखाएंगी। शुक्रवार यानी 17 अक्टूबर 2025 को ही बिहार में डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन का उदाहरण सबके सामने रखा। उन्होंने कहा कि जब अयोध्या में राम मुस्कुरा रहे हैं, तो मथुरा में कृष्ण कन्हैया भी मुस्कुराएंगे। हमारे उज्जैन में भव्य महाकाल महालोक बना है, उसने पूरे शहर की कायापलट कर दी है। पहले जहां उज्जैन में साल भर में कुछ लाख पर्यटक आते थे, अब लगभग 7 करोड़ से ज्यादा लोग अकेले उज्जैन आते हैं। जिस प्रकार से उज्जैन की कायापलट हुई है, क्या गया की कायापलट नहीं होनी चाहिए? जरूर होनी चाहिए, लेकिन उसके लिए बिहार में एनडीए की सरकार होना जरूरी है।
खैर पहले बात आदि कर्म योगी अभियान की। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आदि कर्म योगी अभियान पर आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में मध्य प्रदेश को सम्मानित किया। राज्य के प्रमुख सचिव जनजातीय कार्य गुलशन बामरा को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रदान किया गया। उन्होंने जनजातीय समुदाय के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए राज्य के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में किए जा रहे प्रयासों पर प्रस्तुति दी। आदि कर्म योगी अभियान के क्रियान्वयन में मध्य प्रदेश देश के शीर्ष पाँच प्रदर्शन करने वाले राज्यों में शामिल है। भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा जनजातीय समुदायों के सामाजिक-आर्थिक विकास को गति देने के लिए आदि कर्म योगी अभियान शुरू किया गया था। इसका उद्देश्य जनजातीय क्षेत्रों में ग्राम स्तर पर नेतृत्व क्षमता का विकास करना, योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना और सरकार को अधिक जवाबदेह बनाना है। एकीकृत जनजाति विकास अभिकरण गुना और एकीकृत जनजाति विकास अभिकरण विदिशा को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया गया।
तो ‘जीरो पेंडेंसी माह’ में दावा निस्तारण में उत्कृष्ट कार्य पर मध्यप्रदेश को बड़े राज्यों की श्रेणी में प्रथम पुरस्कार मिला।
भोपाल में संपन्न हुई दो दिवसीय राष्ट्रीय प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना 2.0 और एबीडीएम 2.0 पर गहन विचार-विमर्श के बाद हुई समीक्षा में मध्य प्रदेश के परफॉर्मेंस को खुलकर सराहा गया है।
तो यही उम्मीद है कि मध्य प्रदेश में उपलब्धियों का यह सिलसिला जारी रहे। विपक्षी दल कांग्रेस का विरोध मध्य प्रदेश सरकार को चुनौतियां देता रहे और सरकार चुनौतियों को उपलब्धियों में बदलकर राष्ट्रीय स्तर पर मध्य प्रदेश को गौरवान्वित होने के अवसर प्रदान करती रहे… और उपलब्धियों भरा शुक्रवार यूं ही बार-बार आता रहे।

कौशल किशोर चतुर्वेदी

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार हैं। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में पिछले ढ़ाई दशक से सक्रिय हैं। पांच पुस्तकों व्यंग्य संग्रह “मोटे पतरे सबई तो बिकाऊ हैं”, पुस्तक “द बिगेस्ट अचीवर शिवराज”, ” सबका कमल” और काव्य संग्रह “जीवन राग” के लेखक हैं। वहीं काव्य संग्रह “अष्टछाप के अर्वाचीन कवि” में एक कवि के रूप में शामिल हैं। इन्होंने स्तंभकार के बतौर अपनी विशेष पहचान बनाई है।वर्तमान में भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र “एलएन स्टार” में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एसीएन भारत न्यूज चैनल में स्टेट हेड, स्वराज एक्सप्रेस नेशनल न्यूज चैनल में मध्यप्रदेश‌ संवाददाता, ईटीवी मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ में संवाददाता रह चुके हैं। प्रिंट मीडिया में दैनिक समाचार पत्र राजस्थान पत्रिका में राजनैतिक एवं प्रशासनिक संवाददाता, भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित अन्य अखबारों के लिए स्वतंत्र पत्रकार के तौर पर कार्य कर चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *