जबलपुर में चलती ट्रेन में शिक्षक की बेरहमी से हत्या: तलाक विवाद के बाद मामा ससुर ने धनबाद-उधना एक्सप्रेस में 30 से ज्यादा वार किए, ट्रेन से कूदकर फरार

जबलपुर में चलती ट्रेन में टीचर की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। आरोपी टीचर का मामा ससुर है। बताया जा रहा है कि दोनों में पहले बहस हुई। कोच में बैठे अन्य यात्रियों ने बीचबचाव कर दोनों को शांत कराया। कुछ देर बाद फिर विवाद हो गया और मामा ससुर ने टीचर पर चाकू से 30 से ज्यादा वार किए।

युवक को रेस्क्यू कर अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया।

अगला स्टेशन जबलपुर था। आरपीएफ टीम यहां पहले से मौजूद थी। ट्रेन पहुंचते ही घायल को चादर से लपेटकर खून का बहाव रोका गया और एम्बुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर शैलेंद्र को मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

आरपीएफ पोस्ट प्रभारी ने बताया कि घायल व्यक्ति के पेट से लगातार खून बह रहा था, टीम ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी मौत हो गई। घटना धनबाद-उधना एक्सप्रेस की है।

आरपीएफ ने चाकू लगने के बाद युवक को अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान मौत हो गई।

तलाक की पेशी से लौट रहे थे टीचर शैलेंद्र का पत्नी से तलाक का केस चल रहा है। सोमवार को सतना की फैमिली कोर्ट में पेशी थी। पेशी के बाद शाम को शैलेंद्र, उनकी पत्नी और मामा ससुर गोविंद धनबाद-उधना एक्सप्रेस से जबलपुर की ओर आ रहे थे। शुरुआत में गोविंद एस-4 कोच में शैलेंद्र के पास आकर बैठ गया। कुछ समय बाद दोनों में बहस शुरू हो गई।

चेन खींचकर ट्रेन से कूदा आरोपी यात्रियों ने बीच-बचाव कर शांत करा दिया। लेकिन गोसलपुर और देवरी स्टेशन के बीच फिर विवाद भड़क गया। गुस्से में आरोपी गोविंद ने जेब से चाकू निकाला और शैलेंद्र पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले के बाद वह चेन खींचकर ट्रेन से कूद गया और फरार हो गया।

मामा ससुर ने टीचर पर 30 से ज्यादा वार किए। आरपीएफ की टीम ने अस्पताल पहुंचाया।

नरसिंहपुर का रहने वाला था टीचर मृतक की पहचान शैलेंद्र सिंह (35) निवासी बनखेड़ी, जिला नरसिंहपुर के रूप में हुई है। वह सरकारी स्कूल में शिक्षक थे। पुलिस के मुताबिक, शैलेंद्र का विवाह 2021 में पिपरिया (नर्मदापुरम) निवासी युवती से हुआ था।

विवाह के कुछ ही समय बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। 2022 में पत्नी ने सतना फैमिली कोर्ट में तलाक के लिए आवेदन दिया था। इसके बाद दोनों के बीच केस चल रहा था। पत्नी आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल) में आरक्षक के पद पर पदस्थ है।

कोर्ट में तलाक देने से कर दिया था इनकार घटना से पहले, 27 अक्टूबर सोमवार को दोनों की सतना कोर्ट में पेशी थी। सुनवाई के दौरान शैलेंद्र ने तलाक देने से इनकार कर दिया था। उसने कहा था कि उसकी कोई गलती नहीं है, इसलिए वह रिश्ता खत्म नहीं करना चाहता। उसी समय कोर्ट में युवती का मामा गोविंद रघुवंशी भी मौजूद था। बताया जा रहा है कि उस दिन दोनों के बीच कहासुनी भी हुई थी।

आरोपी को तलाश रही पुलिस

बमीठा थाना प्रभारी आशुतोष श्रोत्रिय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आरोपी की पहचान गोविंद रघुवंशी (मामा ससुर) के रूप में हुई है। उसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *