“इंदौर में ऑस्ट्रेलियाई महिला खिलाड़ियों से छेड़छाड़ का आरोपी अकील गिरफ्तार; 12 केस दर्ज, CCTV फुटेज से पकड़ा गया”

इंदौर में ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ियों से छेड़छाड़ का आरोपी अकील जेल में है। इससे पहले पुलिस से पूछताछ में उसने बताया- कुछ साल पहले जयपुर में एक विदेशी महिला से हाथ मिलाया था। ऐसे में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को देखा तो लगा कि वह उनसे भी उसी तरह मिल सकता है।

अकील को पकड़ने के लिए 5 थानों की टीमें लगाई गई थीं। उस पर छेड़छाड़ के 12 केस दर्ज हैं।

अकील ने बताया कि वारदात के दिन वह बाइक से पिता को सत्य सांई नगर छोड़ने गया था। उसके बाद उसने शराब पी। रास्ते में रोबोट चौराहे पर जब विदेशी महिला खिलाड़ी दिखीं तो बाइक पर ही उन्हें हाय किया। रिटर्न जवाब मिलने पर उसका हौसला बढ़ा और सेल्फी लेने के दौरान उसने बेड टच कर दिया।

दूसरी ओर, ऑस्ट्रेलियाई टीम के सुरक्षा मैनेजर ने पुलिस को बयान दिया है कि दोनों खिलाड़ी बिना सिक्योरिटी के ही जाना चाहती थीं, इसलिए पुलिस उनके साथ नहीं गई।

ई-मेल पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिग की डेट भेजेगी पुलिस छेड़छाड़ की शिकार हुईं ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट खिलाड़ियों को इंदौर की एमआईजी थाना पुलिस समंस जारी करेगी। इसके बाद उन्हें कोर्ट में हाजिरी की तारीख पर वीडियो कॉन्फ्रेंस के लिए लिंक भेजी जाएगी। इस लिंक से वे कोर्ट में वीडियो कॉन्फ्रेंसिग के जरिए उपस्थित होकर अपना पक्ष रखेंगी।

एमआईजी थाने के टीआई सीबी सिंह ने बताया- आरोपी अकील के खिलाफ एफआईआर में टीम मैनेजर द्वारा दोनों खिलाड़ियों के प्राथमिक बयान-कथन दर्ज करवा दिए गए हैं। अब हम कोर्ट में चालान डायरी पेश करने के दौरान महिला खिलाड़ियों की उपस्थिति के लिए समंस जारी करेंगे।

यह समंस ऑस्ट्रेलियन क्रिकेट बोर्ड के अधिकारियों को ई-मेल किया जाएगा। कोर्ट में जब भी प्रकरण की सुनवाई होगी, उसकी डेट संबंधित खिलाड़ियों को देकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट में जज के समक्ष हाजिर करवाया जाएगा।

छेड़छाड़ का आदी, 12 अपराध दर्ज, कई पेंडिंग आरोपी अकील पिता इम्तियाज शेख पर छेड़छाड़ के 12 अपराध दर्ज हैं। कई शिकायतें थाने में पेंडिंग हैं। वह 4 महीने पहले ही उज्जैन की भैरवगढ़ जेल से 10 साल की सजा काटकर इंदौर आया था।

5 थानों की टीमों ने खंगाले 150 से ज्यादा कैमरे पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह ने आरोपी को पकड़ने के लिए 5 थाने- परदेशीपुरा, एमआईजी, विजयनगर, लसूड़िया और खजराना की टीमों को लगाया था। पुलिस टीम के मेंबरों को हिदायत दी गई थी कि आरोपी के पकड़े जाने तक किसी तरह की जानकारी बाहर नहीं जानी चाहिए। सीनियर अफसर पूरी कार्रवाई की मॉनिटरिंग कर रहे थे।

दो टीमें सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल डाटा की जानकारी इकट्‌ठा कर रही थीं। इस दौरान 150 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के जरिए उसे ढूंढा गया।

परदेशीपुरा थाने के जवानों को जैसे ही आरोपी की लोकेशन आजाद नगर में मिली, वहां पहुंचकर उसे हिरासत में ले लिया गया। जब अकील को थाने लाया गया, उसे पता नहीं था कि विदेशी खिलाड़ियों से छेड़छाड़ को लेकर उसकी शिकायत की गई है।

पुलिस कमिश्नर ने आरोपी को पकड़ने के लिए 5 थानों की टीमें लगाई थीं।

कार ड्राइवर ने बनाए थे फोटो-वीडियो पुलिस के मुताबिक, छेड़छाड़ की घटना के वक्त मौके से एक कार गुजर रही थी। इसके ड्राइवर ने अपने मोबाइल से आरोपी अकील का वीडियो बनाया। उसे आवाज देकर रोकने की कोशिश भी की। उसकी बाइक का नंबर भी नोट कर लिया।

बाद में वह विजय नगर थाने पहुंचा। यहां पुलिस को महिला खिलाड़ियों के साथ अभद्रता की जानकारी दी।

टीम मैनेजर ने दिए पुलिस के पक्ष में बयान पुलिस ने ऑस्ट्रेलियन टीम के सिक्योरिटी मैनेजर डैनी सिमंस के बयान लिए हैं। जिसमें उन्होंने बताया है कि दोनों ही खिलाड़ियों ने बाहर जाने के दौरान सिक्योरिटी के लिए इनकार किया था। वे बिना सुरक्षा के आना-जाना चाह रही थीं। इसलिए पुलिस उनके साथ नहीं जा पाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *