महाकाल भक्तों के लिए बड़ी सुविधा: इंदौर एयरपोर्ट पर मिलेगा भस्म आरती पास, शीघ्र दर्शन टिकट और महाकाल लोक भ्रमण की जानकारी एक ही काउंटर पर

महाकालेश्वर मंदिर आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं के लिए एक नई सुविधा शुरू होने जा रही है। इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर महाकाल मंदिर प्रबंधन समिति का स्थायी काउंटर लगाया जाएगा। इस काउंटर पर श्रद्धालुओं को शीघ्र दर्शन टिकट, भस्म आरती पास, महाकाल लोक भ्रमण, निवास व्यवस्था और परिवहन संबंधी जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध होगी।

एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, हाल ही में हुई एयरपोर्ट सलाहकार समिति की बैठक में इस संबंध में निर्णय लिया गया है। दरअसल, इंदौर एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में ऐसे श्रद्धालु आते हैं, जो सीधे उज्जैन में महाकाल दर्शन के लिए जाते हैं।

इन यात्रियों को अब मंदिर पहुंचने से पहले ही ऑन-द-स्पॉट टिकट और आवश्यक जानकारी मिल सकेगी। इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि भीड़भाड़ में टिकट या पास के लिए लगने वाली परेशानी भी कम होगी।

अधिकारियों के अनुसार, यह काउंटर आगामी दिनों में शुरू किया जाएगा। इसके लिए एयरपोर्ट प्रशासन, जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग के बीच समन्वय किया जा रहा है। काउंटर पर प्रशिक्षित कर्मचारी तैनात रहेंगे, जो श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन, परिवहन की जानकारी और अन्य सहायता प्रदान करेंगे।

हजारों यात्री इंदौर के रास्ते उज्जैन पहुंचते हैं

महाकाल लोक के भव्य रूपांतरण के बाद से देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि हुई है। प्रतिदिन हजारों यात्री इंदौर के रास्ते उज्जैन पहुंचते हैं। एयरपोर्ट पर शुरू होने वाली यह नई सुविधा उनकी महाकाल दर्शन यात्रा को और अधिक सहज और सुलभ बनाएगी। इस बीच इंदौर से उज्जैन जाने वाले मार्ग को सिक्स लेन में परिवर्तित करने का कार्य भी जारी है।

हर सप्ताह पहुंच रहे हैं सेलिब्रिटी

महाकाल मंदिर में रोजाना तड़के होने वाली भस्म आरती में आम श्रद्धालुओं के साथ-साथ फिल्म कलाकार, क्रिकेट खिलाड़ी और देश के कई उद्योगपति भी शामिल हो रहे हैं। मंदिर की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए एयरपोर्ट पर यह काउंटर श्रद्धालुओं और आगंतुकों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगा।

अधिकारियों का कहना है कि आगामी सिंहस्थ महापर्व को ध्यान में रखते हुए यह सुविधा विशेष रूप से लाभदायक रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *