इंदौर में एक स्कॉर्पियो ने बाइक सवार तीन इंजीनियरिंग छात्र को रौंद दिया। दो छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई। एक की हालत गंभीर है। तीनों खंडवा के रहने वाले हैं। हादसे के बाद स्कॉर्पियो सवार 4 युवक गाड़ी छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है।
स्कॉर्पियो की टक्कर से दो की मौत हो गई।
हादसा शुक्रवार देर रात करीब 2 बजे लाइफ केयर हॉस्पिटल के सामने हुआ। कृष्ण पाल सिंह तंवर (20) और आयुष राठौर (20) की मौके पर ही मौत हो गई थी। श्रेयांश राठौर की हालत गंभीर है। तीनों इंदौर के प्रेस्टीज कॉलेज में बीटेक सेकेंड ईयर के छात्र हैं। कृष्ण पाल के परिवार को बेटे की मौत की जानकारी नहीं दी गई है।
हादसे के बाद की तस्वीरें…

बाइक को स्कॉर्पियो ने टक्कर मारी और रौंदते चली गई।

बाइक सवार दूर जाकर फिकाए, जिसमें दो की मौके पर मौत हो गई

100 की स्पीड से आई स्कॉर्पियो, फंसे युवक प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि स्कॉर्पियो नई गाड़ी लग रही थी, उस पर माला लगी हुई थी। स्कॉर्पियो नक्षत्र चौराहे से तकरीबन 100 की स्पीड से आ रही थी। इसी दौरान पेट्रोल पंप के सामने बने डिवाइडर के कट से बाइक सवार तीनों युवक निकले, जिनको कार ने जोरदार टक्कर मारी। बाइक (MP 09 QZ 0714) डिवाइडर में फंस गई, जबकि युवक घिसटते हुए आगे फिका गए।
आधे घंटे तक सड़क पर पड़े रहे शव हादसे के बाद करीब आधे घंटे तक कृष्ण पाल और आयुष के शव अस्पताल के ठीक सामने सड़क पर पड़े रहे। बाद में टीआई केके शर्मा के साथ एडीसीपी आलोक शर्मा और एसीपी हिमानी मिश्रा मौके पर पहुंची, तब जाकर अस्पताल प्रबंधन बाहर आया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

आयुष के पिता पार्षद रह चुके मूंदी के रहने वाले आयुष राठौर के पिता अजय राठौर बीजेपी से पार्षद रह चुके हैं। वे कंस्ट्रक्शन का काम करते हैं। परिवार के लोग क्रेशर और ट्रांसपोर्ट कारोबार से भी जुड़े हुए हैं। आयुष दूसरे नंबर का बेटा था। परिवार को उम्मीद थी कि वह इंजीनियर बनने के बाद परिवार के कारोबार को आगे बढ़ाएगा। इधर, घायल श्रेयांश राठौर के पिता नवीन राठौर भी कांग्रेस से पार्षद रह चुके हैं। श्रेयांश इकलौता बेटा है, वह प्रेस्टिज कॉलेज से लॉ की पढ़ाई कर रहा है।
कृष्णपाल के पिता खंडवा में किसान छैगांवमाखन के रहने वाले कृष्णपाल के पिता जीवनसिंह तंवर पेशे से किसान हैं। उनके दो बेटे कृष्णपाल और चंद्रपाल हैं। 12वीं की पढ़ाई के बाद कृष्णपाल को उन्होंने इंदौर भेज दिया था, जहां वह प्रेस्टिज कॉलेज से बीटेक कर रहा था। वह सेकेंड ईयर का छात्र था। पिछले दो साल से दोस्तों के साथ इंदौर में ही किराए से रह रहा था।
छोटा भाई चंद्रपाल गांव के ही सीएम राइज स्कूल से 12वीं की पढ़ाई कर रहा है। फिलहाल, बेटे की मौत की खबर परिवार वालों को नहीं दी गई है। अंतिम संस्कार में शामिल हाेने के लिए कई रिश्तेदार गांव में दूसरे रिश्तेदारों के यहां रुके हुए हैं।