राहुल गांधी जिस तरह से वोट चोरी का कहते हैं लोग उनकी बात को गंभीरता से नहीं लेते हैं। जब चुनाव के परिणाम आएंगे तो वे विदेश जाकर मुंह छुपाएंगे। उन्हें बिहार चुनाव के परिणाम पहले से ही दिख रहे हैं इसलिए पचमढ़ी आए हैं।
यह बात मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने शनिवार देर रात इंदौर में कही। वे इंदौर की खरब सड़कों पर हो रहे पेज वर्क के काम को लेकर मेयर पुष्यमित्र भार्गव के साथ इसका निरीक्षण कर रहे थे।
बिहार में 160 से अधिक सीटें जीतेंगे
मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि बिहार चुनाव में भाजपा 160 सीटों से ज्यादा जीत रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को पता है कि उनकी हार है इसलिए पहले से चिल्लाना शुरू कर दिया। वे कभी ईवीएम को दोष देते हैं तो कभी वोट चोरी का कहते हैं। जब हार का पता लग जाता है तो बहाने ढूंढते हैं। क्योंकि लोग उनकी लीडरशिप पर प्रश्न चिन्ह उठाएंगे।

राहुल गांधी ने पचमढ़ी में उठाया वोट चोरी का मुद्दा
मध्य प्रदेश के पचमढ़ी में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर वोट चोरी का मुद्दा उठाया। राहुल ने कहा- हरियाणा में 25 लाख वोटों की चोरी हुई। हर आठ में से एक वोट चोरी किया गया। ये बीजेपी और इलेक्शन कमीशन का सिस्टम है। मध्य प्रदेश में भी ऐसा हुआ है। हमारे पास सबूत हैं, जो हम आहिस्ते आहिस्ते दिखाएंगे।
राहुल ने कहा- मेन मुद्दा वोट चोरी है, जिसे अब विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से कवर किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह मिलकर लोकतंत्र का नुकसान कर रहे हैं।
इससे पहले रविवार सुबह राहुल गांधी ने पचमढ़ी में जंगल सफारी की। वे सुबह 6:14 बजे रविशंकर भवन से काफिले के साथ निकले। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के पनारपानी गेट तक 10 किलोमीटर अपनी गाड़ी में सफर किया। फिर खुली जीप में पनारपानी और बारासेल तक घूमे। 8:56 बजे रविशंकर भवन लौटे।
रविशंकर भवन में पार्टी पदाधिकारियों से बात करने के बाद राहुल गांधी चौक पहुंचे। जहां महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। यहां मौजूद बच्चों से भी मिले।

विजयवर्गीय बोले- पूरे प्रदेश में पेच वर्क शुरू
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि पूरे प्रदेश में पेच वर्क का काम शुरू कर दिया गया है। इंदौर में भी काम चल रहा है और यहां पर मेयर पुष्यमित्र भार्गव, जन कार्य प्रभारी राजेंद्र राठौर खुद पेच वर्क की क्वालिटी देख रहे हैं।
यह बात सही है कि इस बार लगातार बारिश होने से सारे प्रदेश में गड्ढे थे। लोगों को असुविधा भी हुई है, इससे इनकार भी नहीं किया जा सकता। यह काम दीपावली के पहले ही हो जाता लेकिन बारिश थमी नहीं इसलिए अब शुरू किया है। एक बार बारिश होने पर चार-पांच दिन रुकना पड़ता है इसलिए भी देरी हुई। इंदौर में एक माह में सारा पेचवर्क पूरा हो जाएगा। प्रदेश में भी तेजी से काम चल रहा है।