एआईसीटीएसएल ने एबी रोड पर 42 यूनिपोल लगाने के लिए जो नया टेंडर निकाला है, उसमें निगम के नो-ड्यूस सर्टिफिकेट की अहम शर्त ही गायब है। यानी निगम की बकायादार एजेंसियां भी टेंडर में भाग ले सकेंगी। 2 महीने पहले जारी पहले टेंडर में यह शर्त शामिल थी, लेकिन इस बार हटा दी गई। हालांकि एआईसीटीएसएल का नो-ड्यूस जरूर अनिवार्य किया है। कंपनी ने टेंडर में 100 रुपए वर्ग फीट के हिसाब से 4 करोड़ रुपए की सालाना राशि तय की है।

बताया जा रहा है कि अटल इंदौर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड (एआईसीटीएसएल) और स्मार्ट सिटी कंपनी को एजेंसियों से करीब 30 करोड़ रुपए वसूलना हैं। निगम पूरे शहर से टैक्स वसूलता है, लेकिन एआईसीटीएसएल के यूनिपोल और मिनिपोल से पैसा वसूल नहीं कर पाया। आउटडोर मीडिया पॉलिसी के तहत कई एजेंसियां को निगम बकाया टैक्स जमा करवाने के नोटिस दे चुका है। 25 से 30 करोड़ रुपए से ज्यादा के नोटिस जारी हो चुके हैं।
सड़क निगम की, टेंडर AICTSL का क्यों
एआईसीटीएसएल अपना राजस्व बढ़ाने के चक्कर में निगम की वसूली डुबो रहा है। बीआरटीएस हटाने की प्रक्रिया निगम पहले ही शुरू कर चुका है। सड़क अब पूरी तरह निगम के अधिपत्य में है। ऐसे में सवाल यह भी उठता है कि एआईसीटीएसएल यूनिपोल का टेंडर जारी करने की स्थिति में कैसे है?
निगम के नो ड्यूस की शर्त से हम कंपनियों के लिए रिस्ट्रिक्शन कर देते। जितनी प्रतिस्पर्धा होगी उतने ही अच्छे रेट्स पर टेंडर जाएगा। -अर्थ जैन, सीईओ, एआईसीटीएसएल