एक मास्क का बार-बार इस्तेमाल हो सकता है खतरनाक

कोरोना वायरस महामारी की शुरुआत के समय से ही एक चीज पहनने की सबको सलाह दी जा रही है, और वो है मास्क। जी हां! डॉक्टर्स से लेकर विशेषज्ञों तक सभी का ये कहना है कि मास्क पहनने से इस वायरस से काफी हद तक बचाव किया जा सकता है। हालांकि, इसके लिए मास्क ऐसा होना चाहिए जिससे नाक से लेकर आपका मुंह तक पूरी तरह ढका हो। इसके लिए लोग कपड़ों से बने मास्क का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि एक मास्क का इस्तेमाल जरुरत से ज्यादा करने पर ये खतरे से खाली नहीं है? तो चलिए आपको इसके पीछे की वजह बताते हैं।

दरअसल, मास्क को लेकर की गई एक नई रिसर्च में ये बात सामने आई है कि अगर एक मास्क का इस्तेमाल जरुरत से ज्यादा किया जाए तो वो तो खतरे से खाली है ही नहीं, साथ ही महामारी के दौरान मास्क न पहनने से भी ज्यादा एक मास्क का ज्यादा इस्तेमाल करना हानिकारक है। शोधकर्ताओं ने अपने शोध में पाया कि सर्जिकल मास्क दोबारा इस्तेमाल करने पर इसलिए फेल होता है, क्योंकि इसका सबसे बड़ा कारण है उसका आकार और फैब्रिक (कपड़ा)। कुछ समय बाद मास्क का कपड़ा खराब हो जाता है और साथ ही इसका असली आकार भी बदल जाता है।

रिसर्च में वैज्ञानिकों के सामने ये बात निकलकर आई कि ताजा और नया मास्क सबसे ज्यादा सुरक्षा और दक्षता प्रदान करता है। लेकिन पहले इस्तेमाल किया गया मास्क नए मास्क की तुलना में 60 प्रतिशत से कम वायरस को फिल्टर करता है। सर्जिकल मास्क लेते समय और दोबारा मास्क का इस्तेमाल करते समय इस बात का ध्यान देना जरूरी है कि वो आखिर किस कपड़े से बना है। अगर आप फैंसी या फिर ट्रेंडी मास्क खरीदकर पहनते हैं, तो जाहिर है कि ये आपको वायरस से सुरक्षित रखने में कारगर साबित नहीं हो सकते।

अगर मास्क सस्ते कपड़े से बना है, तो फिर उसकी क्वालिटी भी वैसी ही खराब होती है। मास्क ऐसा होना चाहिए जिसमें किसी तरह का कोई छेद न हो, जो आपके चेहरे पर अच्छे से फिट हो सके, जो आपके चेहरे से अपने आप नीचे ना आए यानी कसकर लगा रहे, क्योंकि अगर मास्क बार-बार आपके चेहरे से अपने आप उतरेगा तो आपको उतनी बार उसे छूना पड़ेगा। इसलिए ऐसा मास्क ही पहनें जो पूरी तरह से आपके मुंह पर फिट न हो।

जब एक मास्क लगातार इस्तेमाल के बाद गंदा हो जाता है, तो कई लोग उसे धो लेते हैं। लेकिन यहां ध्यान देने वाली बात है कि इसे धोने के बाद इसमें छेद तक हो जाते हैं, जिससे वायरस का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए मास्क को धोने की जगह नया मास्क पहनने की कोशिश करनी चाहिए। कई लोग मास्क को आधा अधूरा भी पहनते हैं। जैसे, सिर्फ नाक ढकते हैं या फिर सिर्फ मुंह। जबकि मास्क से दोनों चीजें ढकी होनी जरूरी हैं, क्योंकि तभी आप कोरोना वायरस से बचने में कामयाब हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *